तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को कुचला, मौके पर मौत
-बुढ़मू में झीलया नदी के पास हादसे के बाद ग्रामीणों ने किया सड़क जाम-भारी वाहनों के परिचालन पर रोक लगाने की मांग
रांची, 11 नवंबर (हि.स.)। बुढ़मू थाना क्षेत्र में बुधवार को तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। हादसा चौकी टांड़ के पास झीलया नदी के समीप हुआ। दुर्घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। आक्रोशित ग्रामीणों और मृतकों के परिजनों ने सड़क जाम कर दिया और मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही बंद करने की मांग की।
मृतकों की पहचान टंडवा प्रखंड के दूंडुवा पांडे मोड़ निवासी कुलदीप महतो (35) और प्रकाश महतो (24) के रूप में हुई है। दोनों युवक बाइक से पतरातू के खरकु टोला जा रहे थे। इसी दौरान झीलया नदी के पास पीछे से आ रहे ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। दुर्घटनाग्रस्त ट्रक मां भगवती ट्रांसपोर्ट, कुमडांग का बताया जा रहा है।
हादसे की सूचना मिलने पर बुढ़मू पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। दोनों युवकों की मौत की खबर मिलते ही उनके परिजन और आसपास के गांवों के लोग भी घटनास्थल पर जुट गए। ग्रामीणों ने सड़क जाम कर विरोध जताया। उनका कहना था कि इस मार्ग से रोजाना कोयला लदे सैकड़ों भारी वाहन गुजरते हैं, लेकिन उनकी आवाजाही नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं है।
ग्रामीणों ने कहा कि तेज रफ्तार भारी वाहनों के कारण इस मार्ग पर हमेशा दुर्घटना का खतरा बना रहता है। उन्होंने मांग की कि भारी वाहनों के परिचालन पर रोक लगाने की व्यवस्था की जाए और सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। उनका कहना था कि प्रशासन के तत्काल हस्तक्षेप के बिना ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाना मुश्किल है।
बुढ़मू थाना प्रभारी नवीन कुमार शर्मा ने बताया कि हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई है। ग्रामीणों ने सड़क जाम किया था, जिन्हें समझा-बुझाकर हटाया गया। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

