home page

अपराध की योजना बना रहे दो युवक गिरफ्तार, हथियार बरामद

 | 
अपराध की योजना बना रहे दो युवक गिरफ्तार, हथियार बरामद


रांची, 15 सितंबर (हि.स.)। रांची के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने अपराध की योजना बना रहे दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से 7.65 एमएम का देशी पिस्टल, एक जिंदा गोली और एक आईफोन बरामद किया है।

सिटी एसपी पारस राणा ने मंगलवार को बताया कि सुखदेवनगर थाना प्रभारी को सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध अपराधी हेहल ग्राउंड के पास किसी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सुनील कुमार कुशवाहा के नेतृत्व में पुलिस टीम, पीसीआर-28 के पदाधिकारी और सशस्त्र बल मौके पर पहुंचे। पुलिस को देखते ही वहां बैठे दोनों युवक भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर नितेश मिर्धा नाम के एक युवक को पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके पास से लोडेड 7.65 एमएम का देशी पिस्टल, एक जिंदा गोली और एक आईफोन बरामद हुआ।

इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच करते हुए मौके से फरार हुए दूसरे आरोपित ऋतिक राज को भी नवाटोली सिमलिया, रातू से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ सुखदेवनगर थाना आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है।

पुलिस अब दोनों आरोपितों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि वे किस वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे और उनके साथ और कौन-कौन लोग शामिल थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे