home page

दो ट्रकों की भिड़ंत, चार घंटे तक केबिन में फंसा रहा चालक

 | 
दो ट्रकों की भिड़ंत, चार घंटे तक केबिन में फंसा रहा चालक


दो ट्रकों की भिड़ंत, चार घंटे तक केबिन में फंसा रहा चालक


रामगढ़, 24 अगस्त (हि.स.)। रांची-पटना मुख्य मार्ग पर रामगढ़ स्थित गोबरदरहा चौक के पास सोमवार को दो ट्रकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में पाइप लदे ट्रक का चालक और खलासी केबिन में बुरी तरह फंस गए। करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद चालक को केबिन से बाहर निकाला जा सका। दोनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चालक को बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया गया।

रांची से हजारीबाग की ओर जा रहे पाइप लदे ट्रक संख्या (यूपी 41 बीटी 4778) की गोबरदरहा चौक के समीप विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक संख्या (जेएच 10 सीएम 0221 )से सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पाइप लदे ट्रक के चालक मुलायम यादव और खलासी हरिकेश यादव, दोनों केबिन में फंस गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने एनएचएआई की रेस्क्यू टीम और स्थानीय लोगों की मदद से पहले खलासी हरिकेश यादव को बाहर निकाला और सदर अस्पताल भेजा। वहीं, करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद चालक मुलायम यादव को भी केबिन से बाहर निकाला गया। गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे रिम्स रेफर कर दिया गया।

हादसे के बाद रांची-पटना मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और करीब चार घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सामान्य कराया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश