स्वास्थ्य शिविर में मिले सर्वाइकल कैंसर के दो संदिग्ध मरीज
रांची, 02 मई (हि.स.)। सोना सोबरन मेमोरियल सोसायटी की ओर से शनिवार को रांची के मोरहाबादी मे निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में डॉक्टरों ने ओरल कैंसर स्क्रीनिंग, सर्वाइकल कैंसर स्क्रीनिंग, ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग, हाइपरटेंशन (उच्च रक्तचाप) जांच, डायबिटीज (मधुमेह) सहित अन्य की जांच की। इसमें सर्वाइकल कैंसर के दो और ब्रेस्ट कैंसर के एक संदिग्ध मरीज पाए गए। 50 लोगों का हीमोग्लोबिन 10 से कम पाया गया, जबकि ट्यूबरक्लोसिस के छह संदिग्ध मरीज पाए गए, सभी को चिकित्सकों ने उचित सलाह दी। इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि शिविर का उद्देश्य समाज के लोगों विशेषकर 30 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों को समय पर स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध कराना और गंभीर बीमारियों के प्रति जागरूकता फैलाना है।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार के स्वास्थ्य जांच शिविर समाज के स्वास्थ्य स्तर को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
शिविर में रांची कैंसर कोर फाउंडेशन (टाटा ट्रस्ट समर्थित) और राज्य एनसीडी कार्यक्रम (एनएचएम, झारखंड) का विशेष योगदान रहा। इस दौरान सिविल सर्जन प्रभात कुमार, जिला नजारत उप समाहर्त्ता सुदेश कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी अखिलेश कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी उर्वशी पांडेय, सोना सोबरन मेमोरियल सोसायटी के रंजीत पाठक सहित अन्य मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

