ब्राउन शुगर के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
रांची , 10 जुलाई (हि.स.)। जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में तमाड़ थाना क्षेत्र से दो ब्राउन शुगर तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। उनके पास से 15 ग्राम ब्राउन शुगर, दो इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन, एक मोबाइल फोन और 1.70 लाख कैश बरामद किए हैं।
ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने शु़क्रवार को प्रेस वार्ता में बताया कि रांची एसएसपी को नौ जुलाई को गुप्त सूचना मिली थी कि तमाड़ थाना क्षेत्र के बंगाली टोला में ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीण एसपी के निर्देश और बुंडू एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने जब बंगाली टोला स्थित राजा शिव दत्ता मलिक उर्फ राजा के घर पहुंची, तो एक व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगा। संदेह के आधार पर उसे पकड़कर तलाशी ली गई। इस दौरान उसके पास से करीब 3 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुआ।
पूछताछ में उसने अपना नाम आशिक खान बताया और स्वीकार किया कि उसने यह ब्राउन शुगर राजा शिव दत्ता मलिक से खरीदी है। इसके बाद पुलिस ने राजा शिव दत्ता मलिक के घर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान घर से करीब 12 ग्राम ब्राउन शुगर, दो इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन, एक की-पैड मोबाइल फोन और 1.70 लाख नकद बरामद किए गए। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। एसपी ने बताया कि छापेमारी टीम में तमाड़ थाना प्रभारी दुलाल कुमार महतो सहित सशस्त्र बल शामिल थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

