home page

गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

 | 
गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार


रांची, 02 मई (हि.स.)। रांची के कोतवाली थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। गांजा सप्लाई के एक नेटवर्क का खुलासा करते हुए दो तस्करों को शनिवार को जेल मोड़ तालाब के पास छापेमारी कर गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान रवि वर्मा (28) और जनार्दन दास (32) के रूप में हुई है। इनके पास से एक किलो 31 ग्राम गांजा , दो मोबाइल फोन, एक वेट मशीन, 1650 रुपये नकद और एक स्कूटी बरामद की गई।

कोतवाली थाना के सहायक पुलिस अधीक्षक निखिल राय ने शनिवार को प्रेस वार्ता में बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि जेल मोड़ इलाके में दो व्यक्ति अवैध गांजा की खरीद-बिक्री कर रहे हैं। सूचना पाकर वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों संदिग्धों को खदेड़कर पकड़ लिया।

पूछताछ में जनार्दन दास ने पुलिस को बताया कि वह गांजा गांवों और बाहरी क्षेत्रों से लाकर रांची में अलग-अलग लोगों को सप्लाई करता था। पुलिस ने बताया कि इस कार्रवाई से शहर में सक्रिय एक बड़े गांजा सप्लाई नेटवर्क को ध्वस्त किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे