आयुष्मान भारत योजना में दो अस्पताल होंगे सूचीबद्ध, जिला समिति ने दी सहमति
रांची, 05 सितंबर (हि.स.)। आयुष्मान भारत योजना (एबी-पीएमजेवाई) के तहत नए अस्पतालों की सूचीबद्धता को लेकर शनिवार को समाहरणालय सभागार में जिला सूचीबद्धता समिति की बैठक हुई।
उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में अस्पतालों के आवेदनों और भौतिक सत्यापन रिपोर्ट की समीक्षा की गई। बैठक में जांच दल ने संबंधित अस्पतालों के किए गए भौतिक सत्यापन के आधार पर प्राप्त रिपोर्ट पर विचार किया गया। समिति ने निर्धारित पात्रता और मानकों के अनुरूप दो अस्पतालों को आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत सूचीबद्ध करने का निर्णय लिया।
वहीं, तीन अस्पतालों के आवेदनों में आवश्यक दस्तावेजों की कमी और कुछ त्रुटियां पाए जाने पर उन्हें सुधार के निर्देश दिया गया। समिति ने कहा कि दस्तावेज पूरे करने और त्रुटियों का निराकरण करने के बाद इन आवेदनों को आगामी बैठक में दोबारा प्रस्तुत किया जाएगा। इसके अलावा दो अस्पतालों के आवेदन अस्वीकृत करने का निर्णय लिया गया। उपायुक्त ने कहा कि योजना के तहत अस्पतालों की सूचीबद्धता निर्धारित पात्रता और मानकों के अनुरूप ही की जाएगी, ताकि लाभुकों को गुणवत्तापूर्ण और सुगम स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें। बैठक में सूचीबद्धता प्रक्रिया में पारदर्शिता और नियमों के अनुपालन पर विशेष जोर दिया गया।
मौके पर उप विकास आयुक्त संजय कुमार भगत, प्रशिक्षु आईएएस आस्था शरण सहित समिति के अन्य सदस्य मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

