home page

गड्ढे में डूबने से दो बच्चियों की मौत

 | 
गड्ढे में डूबने से दो बच्चियों की मौत


लातेहार, 12 सितंबर (हि.स.)। बालूमाथ थाना क्षेत्र के मासीयातू गांव में शनिवार की देर शाम हादसे में दो आठ वर्षीय बच्चियों की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई।

दोनों बच्चियां स्कूल से छुट्टी होने के बाद नहाने के लिए मासीयातू पटमाही घाट के नीचे पुल के समीप स्थित गड्ढे में गई थीं। हादसे की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।

स्थानीय लाेगाें के अनुसार मासीयातू गांव निवासी राजदेव उरांव की पुत्री रितिका कुमारी (8) और सिकंदर उरांव की पुत्री साक्षी कुमारी (8) शनिवार को स्कूल गई थीं। छुट्टी के बाद दोनों नहाने के लिए गांव के पास स्थित पटमाही घाट पहुंचीं। बताया जा रहा है कि नहाने के दौरान दोनों बच्चियां अचानक गहरे पानी में चली गईं और डूब गईं।

हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण और परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। ग्रामीणों और परिजनों ने काफी प्रयास के बाद दोनों बच्चियों को पानी से बाहर निकाला।

इसके बाद उन्हें घर ले जाया गया, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। दोनों बच्चियों की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घर के पास सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। मासूम बच्चियों की मौत से पूरे मासीयातू गांव में मातम पसरा हुआ है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी शोक की लहर है। ग्रामीणों ने बताया कि गहरे पानी वाले स्थान पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने के कारण इस तरह के हादसे का खतरा बना रहता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव कुमार