home page

ट्रेलर से 18.4 किलो अवैध डोडा बरामद, दो गिरफ्तार

 | 

खूंटी , 22 जुलाई (हि.स.)। खूंटी पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मुरहू थाना क्षेत्र के पेलोल पुल के पास से एक 18 चक्का ट्रेलर से 18.400 किलोग्राम अवैध पीसा हुआ डोडा बरामद किया है।

मामले में ट्रेलर मालिक-सह-चालक और खलासी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

पुलिस द्वारा बुधवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार, पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर वरीय अधिकारियों के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मंगल सिंह जामुदा के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया।

पुलिस टीम ने मंगलवार को पेलोल पुल के समीप खड़े पंजाब नंबर के ट्रेलर ( पीबी 46एम 9811) की तलाशी ली। तलाशी के दौरान ट्रेलर से 18.400 किलोग्राम अवैध पीसा हुआ डोडा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2.76 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस ने इस मामले में पंजाब कपूरथला निवासी ट्रेलर मालिक-सह-चालक बूटा सिंह (46 ), और ओडिशा बड़बिल निवासी

खलासी शिबो मुण्डा (45) को गिरफ्तार किया है।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने अवैध डोडा के अलावा ट्रेलर और एक ओप्पो कंपनी का स्मार्टफोन भी जब्त किया है।

इस संबंध में खूंटी एनडीपीएस थाना में कांड संख्या 13/26 दर्ज करते हुए एनडीपीएस एक्ट की धारा 15(बी) एवं 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और यह पता लगाया जा रहा है कि बरामद मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इसकी आपूर्ति कहां की जानी थी।

इस कार्रवाई में एसडीपीओ मंगल सिंह जामुदा के अलावा अनुसंधानकर्ता रामदेव यादव, ओम प्रकाश राय, मनोज कच्छप तथा एनडीपीएस थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा