ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री करने के मामले में दो आरोपित गिरफ्तार
रांची 13 अप्रैल (हि.स.)। रांची अरगोड़ा पुलिस ने ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री करने के मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में मो सोहेल खान (60) और दिवाकर कुमार (26) शामिल हैं। दोनों अरगोड़ा के रहने वाले हैं। इनके पास से ब्राउन शुगर (ब्राउन स्टोन) 7.36 ग्राम, 4,640 रुपये नकद, एक मोबाइल और एक स्कूटी बरामद किया गया है।
थाना प्रभारी अनिल तिवारी ने बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक रांची को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि अरगोड़ा थाना क्षेत्र के हरमू एवं सुखदेव नगर थाना क्षेत्र के विद्यानगर इलाके में कुछ व्यक्ति मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन में पुलिस उपाधीक्षक हटिया के नेतृत्व में अरगोड़ा थाना और सुखदेव नगर थाना के पुलिस पदाधिकारियों को शामिल करते हुए एक विशेष टीम का गठन किया गया । टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अरगोड़ा थाना क्षेत्र के हरमू और सुखदेव नगर थाना क्षेत्र के विद्यानगर इलाके में छापेमारी की । छापेमारी के दौरान मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री के मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

