चाकू का भय दिखाकर छिनतई करने वाले दो आरोपित गिरफ्तार, मोबाइल और चाकू बरामद
रांची, 31 अक्टूबर (हि.स.)। चाकू का भय दिखाकर छिनतई करने के मामले में लोअर बाजार थाना पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अहमद तलहा उर्फ चरका और नाजिर अली के रूप में हुई है। दोनों लोअर थाना क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने उनके पास से छिनतई किए गए दो मोबाइल फोन, एक स्टील का चाकू और एक ब्रेसलेट बरामद किया है।
थाना प्रभारी लव कुमार ने बताया कि अनगड़ा निवासी अमित कुमार महतो को चाकू का भय दिखाकर आरोपितों ने छिनतई की घटना को अंजाम दिया था। इस दौरान उनका सामान छीनकर आरोपित मौके से फरार हो गए थे। घटना के बाद पीड़ित ने लोअर बाजार थाना में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और घटनास्थल सहित आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर छापेमारी की गई, जिसमें दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान दोनों आरोपितों ने छिनतई की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

