home page

रांची में महिला से छिनतई कर चाकू मारने वाले दो आरोपित गिरफ्तार, एक नाबालिग भी निरुद्ध

 | 
रांची में महिला से छिनतई कर चाकू मारने वाले दो आरोपित गिरफ्तार, एक नाबालिग भी निरुद्ध


रांची, 20 मई (हि.स.)। राजधानी रांची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र में महिला से छिनतई के दौरान चाकू मारकर घायल करने की घटना में पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। मामले में एक नाबालिग को भी निरुद्ध किया गया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मोहम्मद अली उर्फ सुफियान अली और अब्बू रेहान उर्फ आर्यन के रूप में हुई है।

नगर पुलिस अधीक्षक (सिटी एसपी) पारस राणा ने बुधवार को बताया कि 30 अप्रैल को अरगोड़ा थाना क्षेत्र के हरमू स्थित पटेल चौक के पास बाइक सवार तीन अज्ञात अपराधियों ने एक महिला पर चाकू से हमला कर मोबाइल फोन लूट लिया था। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई थी।

घटना के बाद अरगोड़ा थाना में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर जांच आगे बढ़ाई और जांच के क्रम में हरमू क्षेत्र से दो आरोपितों और एक विधि विरुद्ध किशोर को मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने उनके कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे