डायन बिसाही के आरोप में वृद्ध की हत्या, दो आरोपित गिरफ्तार
लातेहार, 22 अप्रैल (हि.स.)। जिले के गारु थाना क्षेत्र अंतर्गत लाई गांव में डायन बिसाही के आरोप में तेतरा उरांव (62) की हत्या हो गयी। मृतक लाई गांव का रहने वाला था।
इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या में शामिल दो आरोपिताें को बुधवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। गिरफ्तार आरोपिताें में संतोष उरांव और प्रेम उरांव शामिल हैं, दोनों लाई गांव के ही रहने वाले हैं।
इस संबंध में बुधवार को प्रेस वार्ता करते हुए थाना प्रभारी जयप्रकाश शर्मा ने बताया कि मंगलवार को तेतरा उरांव का शव बरामद हुआ था। मामले की छानबीन के दौरान संतोष उरांव और प्रेम उरांव को हिरासत में लेकर जब पूछताछ की गई तो दोनों आरोपिताें ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
आरोपिताें ने बताया कि तेतरा उरांव ओझा गुनी का काम भी करता था। पिछले कुछ दिनों से उन लोगों के बीच जमीन का विवाद चल रहा था। इसी दौरान उनके घर में दो लोगों की अचानक मौत हो गई थी। उन्हें पूरा सन्देह था कि तेतरा उरांव ने ही डायन बिसाही किया है, जिससे दोनों की मौत हुई है।
इसी मामले को लेकर दोनों भाइयों ने तेतरा उरांव की हत्या की योजना बनाई। सोमवार की रात में ही दोनों ने तेतरा उरांव को जमकर शराब पिलाया और बाद में रस्सी से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों आरोपिताें को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव कुमार

