home page

ब्राउन शुगर के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

 | 
ब्राउन शुगर के साथ दो तस्कर गिरफ्तार


रांची, 6 मई (हि.स.)। अरगोड़ा थाना पुलिस ने ब्राउन शुगर की बिक्री करने वाले दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों तस्करों को अरगोड़ा रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपितों में अशोक नगर निवासी संजय कुमार साहू और कडरू निवासी सुजीत कुमार सिंह शामिल हैं। इनके पास से पुलिस ने 20 पुड़िया (5.6 ग्राम) ब्राउन शुगर बरामद किए हैं। इन दोनों आरोपितों ने पूछताछ में खुलासा किया है कि वह बिहार के औरंगाबाद जिले के एक नेता से ब्राउन शुगर खरीदकर रांची लाते हैं और उसे बाजार में ऊंची कीमत में बेच देते हैं। आरोपितों ने पुलिस को यह भी बताया है कि जितने भी ऑर्डर नेताजी के व्हाट्सएप नंबर पर देते हैं, औरंगाबाद पहुंचते ही उन्हें पूरा कर दिया जाता है।

सिटी एसपी पारस राणा ने बुधवार को बताया कि रांची पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि अरगोड़ा स्टेशन के समीप कुछ लोग मादक पदार्थ की खरीद फरोख्त कर रहे हैं। सूचना के बाद सहायक एसपी, कोतवाली के नेतृत्व में अरगोड़ा थाना एवं कोतवाली थाना की संयुक्त टीम का गठन किया गया।

टीम अरगोड़ा स्टेशन के पास पहुंची। दोनों आरोपित पुलिस को देखकर भागने लगे। दोनों को पुलिस की टीम ने खदेड़ कर पकड़ लिया। तलाशी के क्रम में दोनों आरोपितों के पास से पुलिस ने 20 पुड़िया ब्राउन स्टोन का सिलवर फाइल भी बरामद किया है। पूछताछ में आरोपितों ने पुलिस को बताया कि वह 200 रुपए प्रति पुड़िया खरीदते हैं और उसे 250 से तीन सौ रुपये में बेच देते हैं। आरोपितों ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि ग्राहक सेट रहते हैं वह खुद आकर खरीद कर ले जाते हैं। इस संबंध में अरगोड़ा थाना कांड एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान किया जा रहा है। गिरफ्तार आरोपितों का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे