home page

टीएसपीसी का सब जोनल कमांडर गिरफ्तार

 | 
टीएसपीसी का सब जोनल कमांडर गिरफ्तार


रांची, 04 मई (हि.स.)। रांची के बुढ़मू थाना पुलिस ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमेटी (टीएसपीसी ) के सब-जोनल कमांडर विरम राम उर्फ अरविन्द को गिरफ्तार किया है। इसके पास से एक नाइन एमएम पिस्टल, एक मैग्जीन, सात 07 गोली, दो राउटर और एक माबाईल फोन बरामद किया गया है।

ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने सोमवार को प्रेस वार्ता में बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि बुढ़मू थाना क्षेत्र स्थित ईट भट्ठा में की गई फाईरिंग सहित कई उग्रवादी घटनाओं में फरार प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन टीएसपीसी का सब जोनल कमाण्डर विरम राम उर्फ अरविन्द लातेहार जिला अंतर्गत चंदवा शहर के धोबी टोला में देखा गया है।

उग्रवादी के गिरफ्तारी के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर खलारी डीएसपी के नेतृत्व में एक छापेमारी टीम का गठन किया गया। छापेमारी टीम की ओर से टीएसपीसी का सब जोनल कमांडर विरम राम उर्फ अरविन्द के मकान चन्दवा शहर स्थित धोबी टोला में स्थानीय पुलिस के सहयोग से घेराबंदी कर छापेमारी की गई। इस बीच मौका पाकर विरम राम उर्फ अरविन्द घर के पीछे से भागने का प्रयास किया। लेकिन छापेमारी टीम के सदस्यों ने उसे पकड़कर पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया।

पकड़ाए सब जोनल कमांडर विरम राम उर्फ अरविन्द नेे पूछताछ में कई उग्रवादी घटनाओं में अपना अपराध स्वीकार करते हुए बुढ़मू थाना क्षेत्र में ईट भट्ठा पर फायरिंग की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उसकी निशानदेही पर बुढ़मू थाना क्षेत्र के छापर गांव स्थित अर्धनिर्मित मकान से एक पिस्टल, मैग्जीन सहित 07 गोली, 02 राउटर और मोबाईल फोन बरामद किया गया।

गिरफ्तार सब जोनल से पूछताछ करने पर बताया गया कि यह पिछले 15 वर्षों से टीएसपीसी उग्रवादी संगठन से जुड़ा है और बुढ़मू, ठाकुरगांव, पतरातु, खलारी, कांके, केरेडारी, पिपरवार, पिठोरीया मैक्लुस्कीगंज, रातु थाना क्षेत्र में सब जोनल कमांडर के रुप में कार्यरत है। यह संगठन में रहकर जमीन कारोबारियों, ठेकेदारों, ईंट भट्ठा मालिकों, कोयला व्यवसायियों और क्रेसर मालिकों को फोन पर धमकी देकर रंगदारी-लेवी की मांग करता है एवं नहीं देने वाले पर गोली बारी-आगजनी की कार्रवाई करता है। ग्रामीण एसपी ने बताया कि इसकी गिरफ्तारी पुलिस के लिए एक चुनौती थी। इसके दस्ता के कई सदस्य पूर्व में पकड़े गये हैं और शेष बचे सदस्यों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जायेगा। उन्होंने कहा कि इसके खिलाफ आगजनी और गोलाबारी के 16 मामले विभिन्न थानों में दर्ज हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे