home page

टीएसपीसी एरिया कमांडर मोछू गिरफ्तार

 | 
टीएसपीसी एरिया कमांडर मोछू गिरफ्तार


चतरा, 17 अगस्त (हि.स.)। लंबे समय से फरार चल रहे प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन टीएसपीसी के सक्रिय एरिया कमांडर लक्ष्मण गंझू उर्फ मोछू उर्फ लखन गंझू को चतरा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। लक्ष्मण श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अपने गांव लावालौंग थाना क्षेत्र के पारामातु पहुंचा था। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर उसे उसके घर से गिरफ्तार किया।

एसपी अनिमेष नैथानी ने सोमवार को अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में गिरफ्तारी की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सूचना मिली थी कि टीएसपीसी का एरिया कमांडर लक्ष्मण गंझू श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल होने पारामातु आने वाला है। सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए सिमरिया एसडीपीओ नागरगोजे शुभम भाऊसाहेब के नेतृत्व में एसआईटी गठित की गई। एसआईटी ने सूचना के आधार पर तत्काल पारामातु गांव में छापेमारी की और लक्ष्मण गंझू को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार वह लंबे समय से फरार चल रहा था और टीएसपीसी संगठन में सक्रिय भूमिका निभा रहा था।

एसपी ने बताया कि वर्ष 2024 में सदर थाना क्षेत्र में अफीम विनष्टीकरण अभियान से लौट रहे पुलिसकर्मियों पर घात लगाकर किए गए हमले की साजिश में लक्ष्मण गंझू शामिल था। इस हमले में दो पुलिस जवान शहीद हुए थे। उक्त मामले में पुलिस को उसकी लंबे समय से तलाश थी। गिरफ्तार उग्रवादी के खिलाफ वशिष्ठनगर और सदर थाना में कुल तीन मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट, यूएपीए और सीएलए एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं।

अभियान में सिमरिया एसडीपीओ नागरगोजे शुभम भाऊसाहेब, लावालौंग थाना प्रभारी चंदन कुमार, पुअनि विधायक प्रसाद यादव सहित लावालौंग थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेन्द्र तिवारी