बोकारो में ट्रक-कार की टक्कर में एक व्यक्ति की मौत, एक अन्य गंभीर रूप से घायल
बोकारो, 16 मार्च (हि.स.)। बोकारो जिले के चास मुफस्सिल थाना क्षेत्र में हुई एक भीषण सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा धनबाद–बोकारो मुख्य मार्ग पर तेलमोचो पुल के समीप रविवार देर रात करीब ढाई बजे हुआ।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, विपरीत दिशा से आ रहे एक दस चक्का ट्रक और एक हुंडई क्रेटा कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक के दो टायर घटनास्थल पर ही टूटकर अलग हो गए, जबकि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
दुर्घटना में कार सवार दो लोगों में से देवेंद्र कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं कार में सवार अजय कुमार तिवारी, जो बोकारो सेक्टर-9 ऑफिसर कॉलोनी के निवासी बताए जा रहे हैं, गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस के मुताबिक, कार धनबाद से बोकारो की ओर आ रही थी, जबकि ट्रक बोकारो से धनबाद की दिशा में जा रहा था। इसी दौरान तेलमोचो पुल के पास दोनों वाहनों के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।
----------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल कुमार

