सीसीएल मुख्यालय में महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धांजलि
-अधिकारियों और कर्मचारियों ने पुष्प अर्पित कर किया नमन-सत्यनिष्ठा और कर्तव्यपरायणता के आदर्शों को अपनाने का आह्वान
रांची, 02 अक्टूबर (हि.स.)। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) मुख्यालय के गंगोत्री कन्वेंशन सेंटर परिसर में शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र, निदेशक (योजना एवं परियोजना) अनुप हंजूरा और मुख्य सतर्कता अधिकारी (सीवीओ) पंकज कुमार सहित अधिकारियों ने दोनों महापुरुषों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र ने कहा कि महात्मा गांधी का जीवन सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और मानवता के प्रति समर्पण का संदेश देता है। वहीं, लाल बहादुर शास्त्री की सादगी और राष्ट्र के प्रति निष्ठा सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि दोनों महापुरुषों के आदर्शों को कार्य और व्यवहार में उतारना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
निदेशक (योजना एवं परियोजना) अनुप हंजूरा ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री ने राष्ट्र निर्माण में अनुशासन, ईमानदारी, आत्मनिर्भरता और जनसेवा के महत्व को स्थापित किया। उनके विचार आज भी देश के विकास का मार्गदर्शन करते हैं। उन्होंने कर्मचारियों से अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करने का आह्वान किया।
सीवीओ पंकज कुमार ने कहा कि गांधी जी का सत्य और नैतिकता का मार्ग तथा शास्त्री जी की ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा सभी के लिए आदर्श है। उन्होंने कार्यस्थल पर पारदर्शिता, सत्यनिष्ठा और नैतिक मूल्यों को अपनाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में सीसीएल मुख्यालय के महाप्रबंधक, विभागाध्यक्ष, अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

