home page

एनएचएम प्रशिक्षण कार्यक्रम में पद्म भूषण शिबू सोरेन को दी गई श्रद्धांजलि

 | 
एनएचएम प्रशिक्षण कार्यक्रम में पद्म भूषण शिबू सोरेन को दी गई श्रद्धांजलि


रांची, 04 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम), झारखंड के 10 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के दूसरे दिन मंगलवार को रांची-खूंटी मार्ग स्थित मोमेंट्स रिसॉर्ट्स पद्मश्री सम्मानित स्वर्गीय शिबू सोरेन को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। प्रशिक्षण सत्र की शुरुआत दो मिनट का मौन रखकर की गई। मौजूद लोगों ने गुरुजी के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

इस अवसर पर वक्ताओं ने शिबू सोरेन के राजनीतिक एवं सामाजिक योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने झारखंड राज्य आंदोलन को नई दिशा देने के साथ-साथ आदिवासी, वंचित और शोषित समाज के अधिकारों की लड़ाई को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई। उनके संघर्ष, नेतृत्व और जनसेवा की भावना को सभी ने प्रेरणास्रोत बताया।

श्रद्धांजलि सभा के बाद प्रशिक्षण कार्यक्रम का दूसरा सत्र निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शुरू हुआ। इसमें स्वास्थ्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, जनजागरूकता, सूचना, शिक्षा एवं संचार (आईईसी) गतिविधियों तथा विभागीय कार्यों से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम में राज्य के विभिन्न जिलों से आए स्वास्थ्यकर्मी एवं अधिकारी भाग ले रहे हैं।

इस अवसर पर मुख्यर रूप से खूंटी के सिविल सर्जन डॉ एल आर पाठक, सीएम सेल के नोडल अधिकारी डॉ. मुकेश मिश्रा, राज्य आईईसी कोषांग के नोडल अधिकारी डॉ राहुल किशोर सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, विशेषज्ञ सहित अन्य लोग मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar