आदिवासी नेत्री निशा भगत आत्महत्या मामले की हो सीबीआई जांच : देवेंद्र नाथ महतो
- जेएलकेएम के केंद्रीय उपाध्यक्ष देवेंद्र नाथ महतो ने कांके जनरल हॉस्पिटल और रिम्स पहुंचकर ली घटना की जानकारी
रांची, 06 नवंबर (हि.स.)। आदिवासी नेत्री निशा भगत की फेसबुक लाइव के बाद आत्महत्या की घटना पर झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेंद्र नाथ महतो ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने निशा भगत को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए पूरे मामले की सीबीआई जांच कराने और दोषियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की मांग की है।
घटना की जानकारी मिलने पर देवेंद्र नाथ महतो सबसे पहले कांके जनरल हॉस्पिटल पहुंचे। वहां से निशा भगत को रिम्स ले जाए जाने की सूचना मिलने पर वे ट्रॉमा सेंटर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कांके के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी), थाना प्रभारियों, चिकित्सकों और प्रशासनिक अधिकारियों से मुलाकात कर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि फेसबुक लाइव के दौरान निशा भगत भावुक होकर रो रही थीं और अपने माता-पिता से माफी मांग रही थीं। उन्होंने लाइव में पिठोरिया थाना प्रभारी को फोन कर बताया था कि लिखित शिकायत देने के बावजूद उन्हें मदद नहीं मिली। साथ ही उन्होंने जमीन माफियाओं और सरकार से जुड़े कुछ लोगों पर परेशान करने तथा सहयोग नहीं करने के आरोप लगाए थे।
महतो ने सवाल उठाया कि आखिर ऐसी कौन-सी परिस्थितियां बनीं, जिनके कारण निशा भगत को इतना बड़ा कदम उठाना पड़ा? उनकी लिखित शिकायतों पर समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं की गई? उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष सीबीआई जांच कराने, पूर्व में दी गई शिकायतों की गंभीरता से पड़ताल करने तथा घटना के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की मांग की।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

