home page

निशा भगत मौत मामला : आदिवासी संगठनों ने की नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग

 | 
निशा भगत मौत मामला : आदिवासी संगठनों ने की नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग


- रांची और झारखंड बंद की चेतावनी

रांची, 09 नवंबर (हि.स.)। आदिवासी नेत्री निशा कुमारी भगत की आत्महत्या के मामले में न्याय की मांग को लेकर विभिन्न आदिवासी संगठनों ने आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है। केंद्रीय सरना समिति, जनजाति सुरक्षा मंच और क्षेत्रीय सरना समिति समेत कई संगठनों ने मामले में नामजद आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी और पिठोरिया थाना प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

सोमवार को चड़री सरना समिति के सामुदायिक भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में संगठनों के प्रतिनिधियों ने कहा कि पिठोरिया थाना में दर्ज प्राथमिकी में नामजद आरोपित अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा को तत्काल गिरफ्तार किया जाना चाहिए। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच की भी मांग की।

केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष बबलू मुंडा ने आरोप लगाया कि निशा भगत आदिवासी धर्म, संस्कृति और समाज के अधिकारों के साथ-साथ भू-माफियाओं एवं सरकारी तंत्र के खिलाफ आवाज उठाती थीं। इस कारण उन्हें लगातार मानसिक और सामाजिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ा। उन्होंने इस घटना को आत्महत्या नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होने पर पहले पिठोरिया थाना का घेराव किया जाएगा। इसके बाद रांची और झारखंड बंद का आह्वान किया जाएगा।

जनजातीय सुरक्षा मंच के संदीप उरांव ने रांची में निशा भगत की आदमकद प्रतिमा स्थापित करने की घोषणा की। वहीं, मेघा उरांव ने कहा कि आदिवासी समाज इस मामले में चुप नहीं बैठेगा। प्रधान महासचिव अशोक मुंडा ने राज्य में आदिवासियों के खिलाफ बढ़ती हिंसा पर चिंता जताई।

प्रेस वार्ता में सोमा उरांव, सनी उरांव, करमा तिग्गा, गुरुचरण मुंडा और विक्रम उरांव समेत विभिन्न आदिवासी संगठनों के कई प्रतिनिधि उपस्थित थे।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar