home page

ट्रांसपोर्टनगर को जल्द चालू करने के लिए चेंबर अध्यक्ष ने की विभागीय सचिव से बात

 | 
ट्रांसपोर्टनगर को जल्द चालू करने के लिए चेंबर अध्यक्ष ने की विभागीय सचिव से बात


रांची, 22 सितंबर (हि.स.)। ट्रांसपोर्टनगर के अब तक चालू नहीं होने और आवंटन प्रक्रिया को लेकर स्पष्टता के अभाव पर फेडरेशन ऑफ झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने चिंता व्यक्त की है। इसे लेकर चेंबर के पदाधिकारियों ने मंगलवार को विभागीय सचिव राजीव रंजन से बात की।

इस संबंध में चेंबर के अध्यक्ष तुलसी पटेल ने विभागीय सचिव से दूरभाष पर वार्ता कर ट्रांसपोर्टनगर से जुड़ी समस्याओं और ट्रांसपोर्टरों की वर्तमान स्थिति पर चर्चा की।

चेंबर अध्यक्ष ने कहा कि ट्रांसपोर्टनगर को विकसित करने का उद्देश्य शहर में परिवहन और मालवाहक वाहनों से संबंधित गतिविधियों को व्यवस्थित करना था, लेकिन इसके अब तक सुचारू रूप से चालू नहीं होने से ट्रांसपोर्टरों को अपेक्षित सुविधा नहीं मिल पा रही है। वहीं आवंटन प्रक्रिया सहित अन्य संबंधित विषयों को लेकर स्पष्ट जानकारी उपलब्ध नहीं होने से ट्रांसपोर्टरों के बीच असमंजस की स्थिति बनी हुई है। ट्रांसपोर्ट नगर को जल्द चालू करना रांची के ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़े लोगों के हित में आवश्यक है। आवंटन प्रक्रिया को लेकर जो भी असमंजस है, उसे दूर करते हुए स्पष्ट व्यवस्था बनाई जानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि इसे लेकर जल्दक ही विभागीय सचिव से मिलकर पूरे मामले पर विस्तृत चर्चा की जाएगी और ट्रांसपोर्टरों की समस्याओं के समाधान का प्रयास किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि ट्रांसपोर्टरों की समस्याओं को देखते हुए सोमवार को भी चेंबर अध्यक्ष ने मुख्य सचिव से बात की की थी।

इस मुद्दे पर चेंबर भवन में मंगलवार को बैठक हुई।

बैठक में चेंबर अध्यक्ष तुलसी पटेल, महासचिव रोहित अग्रवाल, सह सचिव अमित शर्मा, सह सचिव पूजा ढाढा, कार्यकारिणी सदस्य मोनिका गोयनका, सदस्य संतोष अग्रवाल और आलोक सिंह उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak