home page

जनगणना के प्रथम चरण को लेकर फील्ड ट्रेनरों का प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू

 | 
जनगणना के प्रथम चरण को लेकर फील्ड ट्रेनरों का प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू


रांची 13 अप्रैल (हि.स.)। जनगणना 2027 के प्रथम चरण (मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना) के संचालन को लेकर रांधी नगर निगम क्षेत्र में तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। सोमवार को रांची नगर निगम कार्यालय के आठवें तल स्थित सभागार में फील्ड ट्रेनरों के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।

इस अवसर पर नगर आयुक्त ने सभी प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए प्रशिक्षण के दौरान दी जा रही जानकारी को गंभीरता से आत्मसात करने और फील्ड में पूरी जिम्मेदारी और निष्ठा के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने टीम भावना के साथ कार्य करने पर बल देते हुए कहा कि डेटा की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की त्रुटि नहीं होनी चाहिए, यह सुनिश्चित करें।

प्रशिक्षण के प्रथम दिन प्रतिभागियों को मकान सूचीकरप्ण, परिवारों का विवरण संकलन, डिजिटल माध्यम से डेटा संग्रहण, सीएमएमएस पोर्टल के प्रभावी उपयोग और डेटा की शुद्धता बनाए रखने से संबंधित विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही गणना कार्य के दौरान आने वाली संभावित चुनौतियों एवं उनके समाधान पर भी विस्तार से चर्चा की गई। प्रशिक्षुओं को सटीक एवं समयबद्ध तरीके से डेटा संकलन के महत्व से भी अवगत कराया गया।

इस दौरान अपर नगर आयुक्त संजय कुमार, संयुक्त निदेशक, जनगणना संचालन निदेशालय सत्येंद्र कुमार गुप्ता, सहायक नगर आयुक्त और फील्ड ट्रेनर उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे