चुट्टूपालु घाटी में ट्रेलर ने चार वाहनों को मारी टक्कर, एक की मौत
रामगढ़, 27 अगस्त (हि.स.)। रामगढ़ चुट्टूपालु घाटी में गुरुवार को एक बार फिर मौत ने तांडव किया। यहां एक ब्रेक फेल हुए ट्रेलर ने चार वाहनों को टक्कर मारी। इस हादसे में एक बाइक सहित चार वाहन पुरी तरह क्षतिग्रस्त हाे गए। इसके बाद अनियंत्रित ट्रेलर घाटी की गहराई में समा गया। इस हादसे में ट्रेलर चालक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार राष्ट्रीय राजमार्ग 33 पर चुट्टूपालु घाटी में रांची की ओर से आ रहे एक ट्रेलर बीआर 03 जीसी 0133 का ब्रेक फेल हो गया। स्टोन चिप्स लदा ट्रेलर अनियंत्रित हुआ और अपने आगे जा रहे एक बाइक जेएच 01 पी 2183, एक कार जेएच 01 ईएफ 2632, एक सब्जी लदे पिकअप वैन बीआर 01 जीपी 9773 और एक दूसरे ट्रेलर एनएल 01 एएच 7979 को जोरदार टक्कर मारी। टक्कर इतना तेज था कि आगे चल रहा ट्रेलर 500 मीटर दूर जाकर रुका।
घटना में बाइक पर सवार एक युवक सहित कार पर सवार दो लोग, पिकअप वैन का चालक घायल हो गया। वहीं जिस ट्रेलर का ब्रेक फेल हुआ था, उसका चालक और खलासी क्षतिग्रस्त केबिन में बुरी तरह फंस गया। घटना की सूचना पाकर रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे और ट्रैफिक थाना प्रभारी गजेंद्र पांडे मौके पर पहुंचे और राहत बचाव कार्य शुरू किया।
पुलिस में केबिन में फंसे ट्रेलर के खलासी को बाहर निकाला और इलाज के लिए अस्पताल भेजा। जबकि ट्रेलर चालक की क्षतिग्रस्त केबिन में ही मौत हो गई थी। उसका शव पुलिस ने बाहर निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
चुट्टूपालु घाटी में पिछले तीन दिनों के अंदर लगातार हुई सड़क दुर्घटना पर सांसद मनीष जायसवाल ने कड़ी प्रतिक्रिया जाहिर की है। उन्होंने रामगढ़ एसडीओ कृष्ण मुरारी तिर्की और एनएचएआई के अधिकारियों के साथ घटनास्थल का मुआयना किया। साथ ही लगातार हो रही घाटी में दुर्घटना पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने एनएचएआई के अधिकारियों और जिला प्रशासन को तत्काल आवश्यक कदम उठाने को कहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

