सुबह दौड़ने निकले युवक की ट्रेन से कटकर मौत
दुमका, 05 मई (हि.स.)। जिले के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के दुमका-रामपुरहाट रेल खंड पर मंगलवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। जहां ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार युवक प्रतिदिन की भांति मंगलवार की सुबह भी दौड़ने के लिए निकला था, इसी दौरान वह रेलवे ट्रैक के पास दुर्घटना का शिकार हो गया। मृतक की पहचान काठीकुंड थाना क्षेत्र के धनिया पहाड़ी गांव निवासी प्रभु राय के रूप में की गई है जो वर्तमान में अपने परिवार के साथ शिकारीपाड़ा में रहता था।
घटना की जानकारी मिलते ही शिकारीपाड़ा पुलिस मौके पर पहुंच स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस ने शव को लेकर कागजी कार्रवाई पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है कि यह हादसा किन परिस्थितियों में हुआ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार

