ट्रैफिक पुलिस कर्मियों को मिला सीपीआर का प्रशिक्षण, दुर्घटनाओं में बचेंगी जानें
रांची, 02 अप्रैल (हि.स.)। सड़क सुरक्षा और आपातकालीन स्थितियों में जीवन बचाने की दिशा में रोटरी क्लब ऑफ रांची की ओर से विशेष प्रशिक्षण सत्र का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में 50 से अधिक ट्रैफिक पुलिस कर्मियों को कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन (सीपीआर) एवं बेसिक लाइफ सेविंग तकनीकों के बारे में जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में रांची क्रिटिकल केयर यूनिट के चेयरमैन डॉ. दिनेश अग्रवाल एवं सेक्रेटरी डॉ. मनोज कुमार ने सीपीआर की सही तकनीक, सांस रुकने या हृदय गति रुकने की स्थिति में प्राथमिक उपचार तथा घायल व्यक्ति को सुरक्षित तरीके से संभालने के व्यावहारिक तरीके की जानकारी दी।
ट्रैफिक पुलिस कर्मियों को लाइव डेमोंस्ट्रेशन के माध्यम से पुलिसकर्मियों को अभ्यास भी कराया गया। कार्यक्रम में ट्रैफिक पुलिस कर्मियों ने कई सवाल भी पूछे, जिसे विशेषज्ञों ने उन्हें कई अहम जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान शहर के ट्रैफिक प्रबंधन, दुर्घटना रोकथाम और सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई। प्रशिक्षण सत्र के बाद सभी ट्रैफिक पुलिस कर्मियों को प्रमाण पत्र भी दिया गया।
रोटरी क्लब के अध्यक्ष अमित अग्रवाल ने कह कि शहर में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं के मद्देनजर ट्रैफिक पुलिस की भूमिका बहुत ही महत्वपूर्ण है। सड़क पर आपातकालीन स्थिति में ट्रैफिक पुलिस कर्मियों को कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन (सीपीआर) एवं बेसिक लाइफ सेविंग तकनीकों की जानकारी होनी चाहिए, ताकि दुर्घटना के तुरंत बाद मौके पर ही पीड़ित को प्राथमिक उपचार देकर उसकी जान बचाई जा सके। सामाजिक दायित्व के तहत रोटरी क्लब ऑफ रांची ने एक पहल की है।
मौके पर क्लब की सचिव भावना तनेजा, राजीव मोदी, दीपक श्रीवास्तव, अजय बाधवा, भंडारी लाल, जसदीप सिंह, ललित त्रिपाठी, शाहिद पाल, गौरव बागरॉय, मुकेश तनेजा, विनय छापरिया सहित अन्य लोग मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

