home page

व्यवसायियों का भयादोहन बर्दाश्त नहीं, करेंगे आंदोलन : मुकेश अग्रवाल

 | 

रांची, 18 अक्टूबर (हि.स.)। राजधानी रांची के मेन रोड स्थित व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को रांची नगर निगम की ओर से नोटिस जारी किए जाने पर व्यापारियों में नाराजगी है। नगर निगम ने मेन रोड के ओवर ब्रिज स्थित कई दुकानों को नोटिस देकर तीन दिनों के भीतर स्वीकृत भवन प्लान जमा करने का निर्देश दिया है।

नोटिस में कहा गया है कि स्थल निरीक्षण के दौरान भवन में व्यावसायिक गतिविधियां संचालित होने और वाहनों की पार्किंग सड़क किनारे किए जाने से आम लोगों को परेशानी होने की बात सामने आई है। नगर निगम की ओर से जारी नोटिस में निर्देश दिया गया है कि पत्र प्राप्त होने के तीन दिनों के भीतर स्वीकृत भवन प्लान जमा करना सुनिश्चित करें। ऐसा नहीं करने पर झारखंड नगरपालिका अधिनियम, 2011 और झारखंड भवन उपविधि, 2016 के प्रावधानों के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

इस कार्रवाई का झारखंड चेंबर के कार्यकारिणी सदस्य सह रांची नगर निगम किरायेदार संघ के अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल ने रविवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कड़ा विरोध जताया है। उन्होंने कहा कि त्योहार के समय दुकानदारों को इस तरह नोटिस जारी करना उचित नहीं है। इससे व्यापारियों में भय और असमंजस का माहौल पैदा हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि नोटिस के माध्यम से व्यापारियों का भयादोहन किया जा रहा है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

मुकेश अग्रवाल ने कहा कि मेन रोड के साथ अपर बाजार में भी दुकानदारों को नोटिस दिए जाने की जानकारी मिल रही है। त्योहारों के दौरान व्यापारियों को राहत देने के बजाय इस तरह की कार्रवाई से उनकी परेशानी बढ़ रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि नगर निगम ने इस मामले में उचित पहल नहीं की, तो दुकानदारों और किरायेदारों को एकजुट कर आंदोलन किया जाएगा।

उन्होंने नगर निगम से मांग की कि त्योहार के समय व्यापारियों को परेशान करने वाली कार्रवाई पर रोक लगाई जाए और इस मामले का समाधान बातचीत के माध्यम से निकाला जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे