home page

अवैध खनन और बालू के अवैध परिवहन पर तत्काल राेक लगाएं अधिकारी : डीसी

 | 
अवैध खनन और बालू के अवैध परिवहन पर तत्काल राेक लगाएं अधिकारी : डीसी


रामगढ़, 29 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में अवैध खनन और बालू के अवैध परिवहन पर पूरी तरह रोक लगाने को लेकर जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ाने का निर्णय लिया है। गुरुवार को समाहरणालय सभाकक्ष में डीसी ऋतुराज की अध्यक्षता और एसपी मुकेश कुमार लुनायत की उपस्थिति में जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक हुई। इसमें अवैध खनन के खिलाफ चल रही कार्रवाई की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिया गया।

बैठक के दौरान जिला खनन पदाधिकारी निशांत अभिषेक ने पीपीटी के माध्यम से जिले में अवैध खनन के विरुद्ध की जा रही कार्रवाई की विस्तृत जानकारी डीसी सहित अन्य अधिकारियों को दी। डीसी ने पिछले कुछ समय में अवैध खनन पर अंकुश लगाने के लिए किए गए कार्यों की समीक्षा की और अभियान को और प्रभावी बनाने का निर्देश दिया।

डीसी ने खनन टास्क फोर्स की पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की भी जानकारी ली। अवैध खनन के मुहानों को बंद कराने की कार्रवाई की समीक्षा करते हुए उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि जिले में कहीं भी अवैध मुहानों से खनन होने की सूचना मिलती है, तो तत्काल कार्रवाई की जाए। संबंधित अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि ऐसे मुहानों को पूरी तरह बंद कराया जाए, ताकि दोबारा अवैध खनन नहीं हो सके।

बैठक में डीसी ने सभी अंचल अधिकारियों और थाना प्रभारियों को बालू के अवैध परिवहन पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने जिले में संचालित सभी कारखानों और फैक्ट्रियों में सघन जांच अभियान चलाने को भी कहा। जांच के दौरान निर्धारित मानकों का पालन नहीं करने वाली संस्थाओं को चिह्नित कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने की बात कही गई।

बैठक में जिला स्तरीय पदाधिकारी, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, विभिन्न परियोजनाओं के महाप्रबंधक, अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश