home page

पुलिस समय पर कार्रवाई करती तो नहीं जाती निशा भगत की जान : बबलू मुंडा

 | 
पुलिस समय पर कार्रवाई करती तो नहीं जाती निशा भगत की जान : बबलू मुंडा


रांची, 06 नवंबर (हि.स.)। केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष बबलू मुंडा ने आदिवासी नेत्री निशा भगत की फेसबुक लाइव के दौरान हुई दर्दनाक मौत पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने इस घटना को लेकर पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मामले की निष्पक्ष उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है।

बबलू मुंडा ने शुक्रवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि यदि समय रहते निशा भगत के खिलाफ साजिश रचने और उन्हें धमकी देने वालों के विरुद्ध पुलिस कार्रवाई करती, तो शायद उन्हें आत्महत्या जैसा कदम नहीं उठाना पड़ता। उन्होंने फेसबुक लाइव के दौरान निशा भगत की ओर से लगाए गए सभी आरोपों और पुलिस की भूमिका की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। साथ ही दोषियों के अलावा जिम्मेदार अधिकारियों पर भी कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही, जिससे कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

बबलू मुंडा ने कहा कि आत्महत्या से पहले फेसबुक लाइव के दौरान निशा भगत ने रोते हुए सिस्टम और पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए थे। बबलू मुंडा के अनुसार, निशा को पहले से सोशल मीडिया पर धमकियां मिल रही थीं। उन्होंने साइबर थाना और पुलिस प्रशासन से मदद की गुहार भी लगाई थी, लेकिन समय पर कार्रवाई नहीं होने से पुलिस की भूमिका पर सवाल खड़े होते हैं।

बबलू मुंडा ने कहा कि झारखंड में आदिवासी महिलाएं और समाज के अधिकारों के लिए आवाज उठाने वाले लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस की कथित लापरवाही और शिकायतों पर कार्रवाई में देरी से अपराधियों का मनोबल बढ़ रहा है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar