home page

लातेहार: दो मोटरसाइकिलों की टक्कर में तीन की मौत, चार घायल

 | 
लातेहार: दो मोटरसाइकिलों की टक्कर में तीन की मौत, चार घायल


लातेहार, 21 मार्च (हि.स.)।जिले के हेरहंज थाना क्षेत्र के बरवाटोली गांव के समीप रविवार देर शाम दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों की पहचान हेरहंज थाना क्षेत्र के तासु गांव निवासी मनु भुइयां (18) गुलाब भुइयां (22), तथा हेरहंज थाना क्षेत्र के सरधाबार गांव निवासी मोहन गंझु (25) के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार एक मोटरसाइकिल पर सवार चार युवक हेरहंज से सरहुल जुलूस देखकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही दूसरी मोटरसाइकिल, जिस पर एक महिला समेत तीन लोग सवार थे, से उनकी सीधी टक्कर हो गई। दुर्घटना में सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए । सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी कृष्ण पाल सिंह पवैया के नेतृत्व में पुलिस की टीम तत्काल घटनास्थल पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को बालूमाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। जबकि दो घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद रिम्स रेफर कर दिया । इधर इस संबंध में थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक युवकों के शव को कब्जे में ले लिया गया है और पोस्टमार्टम के लिए लातेहार सदर अस्पताल भेजने की तैयारी की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव कुमार