home page

मामूली विवाद में तीन किशोरों ने मारा चाकू, भेजे गए बाल सुधार गृह

 | 
मामूली विवाद में तीन किशोरों ने मारा चाकू, भेजे गए बाल सुधार गृह


दुमका, 17 जून (हि.स.)। नगर थाना क्षेत्र के इंद्रानगर जरूवाडीह मुहल्ले में मंगलवार की रात जरा सी कहासुनी में तीन युवकों पर चाकू से हमला कर घायल कर दिया गया। सभी को इलाज के लिए मेडिकल कालेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से बेहतर इलाज के लिए बाहर रेफर कर दिया गया।

पुलिस ने घायल बाबी अंसारी के बयान पर मामला दर्ज कर तीन किशोरों से पूछताछ करने के बाद बुधवार को तीनों को बाल सुधार गृह भेज दिया गया है। बताया जाता है कि जरूवाडीह में तीन दिन से साइकिल का खेल चल रहा था। इसमें बड़ी संख्या में लोग खेल का आंनद ले रहे थे। मंगलवार की शाम बाबी अंसारी अपने दोस्त आदिल आलम और मो हसनैन के साथ खेल देखने के लिए गया। रात में जरूवाडीहा के रहने वाले तीन किशोर भी अपने चार साथियों के साथ यहां पहुंचे।

इस दौरान किसी बात को लेकर किशोरों की तीनों युवकों से कहासुनी हो गई। बहुत देर तक दोनों पक्ष में बक-झक होती रही तो लोगों ने समझाकर शांत कराया। इसके बाद तीनों युवक आकर तजमूल अंसारी के दरवाजे पर आकर बैठ गए। तभी तीनों किशोर अपने साथियों के साथ वहां आए और फिर से गाली गलौज शुरू कर दिया। किशोरों ने जान मारने की नीयत से बाबी, हसनैन और आदिल पर चाकू से हमला कर घायल कर दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग दौड़े तो सभी वहां से भाग निकले। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना प्रभारी अशोक राम पुलिस टीम के साथ अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल पूछकर घटना की जानकारी ली। बाबी का बयान लेने के बाद रात में ही पुलिस तीन किशोरों सहित छह लोगों पर मामला दर्ज किया। रात में ही पुलिस ने दबिश देकर तीनों मुख्य आरोपितों को धर दबोचा। बुधवार की दोपहर पुलिस ने तीनों को बाल सुधार गृह भेज दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार