home page

हथियार के साथ तीन गिरफ्तार

 | 
हथियार के साथ तीन गिरफ्तार


रांची, 05 नवंबर (हि.स.)। राजधानी रांची में किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी कर रहे तीन अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। तीनों एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के पोखरटोली मैदान में हथियार के साथ जुटे थे।

सिटी एसपी पारस राणा ने गुरुवार को बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एयरपोर्ट के सामने पोखरटोली मैदान में इमली के पेड़ के पास से संदिग्धों को हिरासत में ले लिया।

तलाशी के दौरान उनके पास से एक देशी पिस्टल, दो मैगजीन, तीन जिंदा गोलियां और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

एसपी ने बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक रांची को सूचना मिली थी कि पोखरटोली मैदान में दो युवक अवैध हथियार लेकर बैठे हैं और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर सिटी एसपी के निर्देशन और हटिया डीएसपी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तत्काल छापेमारी कर आरोपियों को पकड़ लिया।

मामले में एयरपोर्ट थाना कांड संख्या 50/26 दर्ज कर तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के हुंडरू निवासी करण गोप उर्फ करण कुमार और आदित्य कुमार तथा जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के हटिया स्थित गुरुद्वारा रोड, बीएलडब्ल्यू कॉलोनी निवासी अभिषेक सिंह उर्फ अभिषेक कुमार उर्फ सुल्तान के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, करण गोप का डोरंडा थाना में पहले से एक आपराधिक मामला दर्ज है। वहीं, अभिषेक सिंह का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ गोंदा और जगन्नाथपुर थाना में मारपीट, लूट, रंगदारी, जानलेवा हमला और आर्म्स एक्ट सहित कई मामले दर्ज हैं।

पुलिस अब गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि वे किस वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे और उनके पास हथियार कहां से आया। छापेमारी टीम में हटिया डीएसपी नीरज कुमार सहित डोरंडा, धुर्वा, जगन्नाथपुर और एयरपोर्ट थाना के पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे