कमलेश हत्याकांड का खुलासा, अवैध संबंध बना कारण, तीन आरोपित गिरफ्तार
रांची, 06 मई (हि.स.)। रांची के टाटीसिल्वे थाना क्षेत्र में हुई हत्या का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपितों में शिवनाथ कुमार सिंह (33), उसकी पत्नी अंगिता देवी (28) और साहिल राजा (19) शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से एक हाइवा ट्रक, स्कूटी और तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
ग्रामीण पुलिस अधीक्षक (एसपी) गौरव गोस्वामी ने बुधवार को प्रेस वार्ता में बताया कि कमलेश कुमार की हत्या अवैध संबंध के कारण की गई थी। मृतक का शिवनाथ कुमार सिंह की पत्नी अंगिता देवी के साथ संबंध था, जिससे नाराज होकर शिवनाथ ने हत्या की साजिश रची और अपने घर में वारदात को अंजाम दिया।
हत्या के बाद आरोपितों ने सबूत मिटाने की कोशिश की। शव को हाइवा ट्रक से रिंग रोड पर ले जाकर सड़क किनारे फेंक दिया गया और उसे ट्रक से कुचलकर हादसा दिखाने का प्रयास किया गया, ताकि मामला सड़क दुर्घटना लगे।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि तीन मई को टाटीसिल्वे के मानकीडीपा रिंग रोड किनारे कमलेश कुमार का शव मिला था। प्रारंभिक तौर पर पुलिस ने इसे सड़क हादसा माना था, लेकिन जांच के दौरान मामला हत्या का निकला।
इसके बाद वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देश पर आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर छापेमारी करते हुए पुलिस ने तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सभी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि छापेमारी टीम में पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) मुख्यालय अमर कुमार पांडेय, टाटीसिल्वे थाना प्रभारी हंसे उरांव, नामकुम थाना प्रभारी राम नारायण, चुडामणि टूडू, अनिमानंद रोशन टोप्पो, श्वेता कुमारी, संजय कुमार साव, जयदेव सराक सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।-------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

