home page

जेवर दुकान मालिक से लूटपाट और फायरिंग मामले में तीन आरोपित गिरफ्तार

 | 
जेवर दुकान मालिक से लूटपाट और फायरिंग मामले में तीन आरोपित गिरफ्तार


चतरा, 12 अगस्त (हि.स.)। वशिष्ठ नगर थाना क्षेत्र के कोन गांव के समीप कस्तूरबा विद्यालय प्रतापपुर मोड़, जोरी के पास सरस्वती ज्वेलर्स के मालिक मृत्युंजय कुमार वर्मा से हुई लूटपाट और फायरिंग की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से घटना में प्रयुक्त देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और बाइक बरामद की गई है। घटनास्थल से अपराधियों के भागने के दौरान छूटी चप्पलें भी पुलिस ने बरामद की थीं। इनमें एक जोड़ी चप्पल गिरफ्तार आरोपित अमित कुमार की बताई गई है।

बुधवार को पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) मुख्यालय सुनील कुमार सिंह ने अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि सात अगस्त की रात सरस्वती ज्वेलर्स के मालिक मृत्युंजय कुमार वर्मा कस्तूरबा विद्यालय प्रतापपुर मोड़, जोरी के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाकर मोबाइल फोन और सोने की चेन लूट ली। दहशत फैलाने के लिए अपराधियों ने फायरिंग भी की और मौके से फरार हो गए।

घटना के संबंध में वशिष्ठ नगर थाना में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। पुलिस अधीक्षक (एसपी) अनिमेष नैथानी के निर्देश पर डीएसपी सुनील कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। टीम संभावित ठिकानों पर लगातार छापामारी कर अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी में जुटी थी।

इसी क्रम में पुलिस ने 11 अगस्त को अमित कुमार, बीटु कुमार और रोहित कुमार को गिरफ्तार कर लिया। डीएसपी के अनुसार, अमित कुमार की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और अपाची बाइक बरामद की गई।

गिरफ्तार आरोपितों में अमित कुमार (24), बीटु कुमार (करीब 18) और रोहित कुमार (18) शामिल हैं।

डीएसपी ने बताया कि अमित कुमार का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ हंटरगंज थाना में 2021 में डकैती का मामला दर्ज है। इसके अलावा बिहार के शेरघाटी थाना और बहेरा ओपी में भी उसके खिलाफ मामले दर्ज हैं।

---------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेन्द्र तिवारी