home page

रांची में सोमवार को होगा ‘झारखंड थिंक फ्यूचर कॉन्क्लेव’, विकास और भविष्य की रणनीति पर होगा मंथन

 | 
रांची में सोमवार को होगा ‘झारखंड थिंक फ्यूचर कॉन्क्लेव’, विकास और भविष्य की रणनीति पर होगा मंथन


रांची, 16 अगस्त (हि.स.)। प्रदेश प्रोफेशनल कांग्रेस कमेटी की ओर से सोमवार को रांची के बीएनआर चाणक्य होटल में ‘झारखंड थिंक फ्यूचर कॉन्क्लेव’ का आयोजन किया जाएगा। इसमें राज्यभर के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत प्रोफेशनल्स और गणमान्य लोग शामिल होकर झारखंड की प्रगति, विकास और भविष्य की दिशा पर विचार साझा करेंगे।

प्रदेश प्रोफेशनल कांग्रेस के संयोजक सह झारखंड प्रदेश कांग्रेस महासचिव आदित्य विक्रम जायसवाल ने रविवार को बताया कि कॉन्क्लेव का उद्देश्य विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों को एक मंच पर लाकर झारखंड के विकास के लिए नए विचारों, संभावनाओं और भविष्य की रणनीति पर सार्थक विमर्श करना है। उन्होंने कहा कि प्रोफेशनल्स के अनुभव और विशेषज्ञता राज्य के विकास को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू होंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में अभिनेत्री एवं अधिवक्ता कोनिका सदानंद शामिल होंगी। कार्यक्रम में झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, विधायक दल के नेता प्रदीप यादव, नेता राजेश कच्छप सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और प्रदेश पदाधिकारी भी आमंत्रित हैं।

इसके अलावा कांग्रेस कोटे की मंत्री दीपिका पांडे सिंह, डॉ. इरफान अंसारी, शिल्पी नेहा तिर्की और राधाकृष्ण किशोर को भी कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया है।

इधर, कॉन्क्लेव की तैयारियों को लेकर रविवार को बीएनआर चाणक्य होटल में प्रोफेशनल कांग्रेस के प्रमुख नेताओं की बैठक हुई। बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। आगंतुकों के स्वागत के लिए छऊ नृत्य की प्रस्तुति की जाएगी। वहीं, शहर के प्रमुख स्थानों पर तोरण द्वार और स्टैंडी भी लगाए जा रहे हैं।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak