home page

चोरी का खुलासा, ओडिशा से एक आरोपित गिरफ्तार

 | 
चोरी का खुलासा, ओडिशा से एक आरोपित गिरफ्तार


चोरी का खुलासा, ओडिशा से एक आरोपित गिरफ्तार


बोकारो, 12 अप्रैल (हि.स.)। बोकारो जिले के फुसरो बाजार के एक ज्वेलरी दुकान में दिनदहाड़े हुई लाखों की चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए मामले में ओडिशा से एक शातिर अपराधी निसार अली उर्फ काला (26)को गिरफ्तार किया है।

पूछताछ में आराेपित ने कई अहम राज उगले हैं।

बोकारो एसपी हरविंदर सिंह ने बताया कि गत 29 मार्च 2026 को पेटरवार थाना क्षेत्र के पिछरी दक्षिणी निवासी राजेन्द्र प्रसाद दास ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी फुसरो बाजार स्थित दुकान से दो अज्ञात लोगों ने चालाकी से सोने की चेन, झुमका और टॉप्स सहित करीब 15 लाख रुपये के गहनों की चोरी कर ली।

इस मामले में बेरमो थाना में (कांड संख्या-22/26 )के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बेरमो और चन्द्रपुरा थाना की संयुक्त टीम बनाई गई। टीम ने तकनीकी विश्लेषण, कॉल डम्प और दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से जांच की।

इसी दौरान पुलिस को एक अहम सुराग मिला, जिसने जांच को सीधे ओडिशा तक पहुंचा दिया। पुलिस टीम ने ओडिशा के नोवापाड़ा जिले में छापेमारी कर निसार अली उर्फ काला (26 ) को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद जब उससे सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने पूरे गिरोह के काम करने का तरीका उजागर कर दिया।

आरोपित ने बताया कि वह अपने साथी के साथ मिलकर ज्वेलरी दुकानों में ग्राहक बनकर जाता था, फिर दुकानदार को बातचीत में उलझाकर गहनों पर हाथ साफ कर देता था। इसी तरीके से उसने फुसरो के अलावा चन्द्रपुरा में भी वारदात को अंजाम दिया था। आरोपित की निशानदेही पर पुलिस ने उसके घर से चोरी किए गए गहनों की बड़ी खेप बरामद की है। बरामद सामान में सोने की चेन और बड़ी संख्या में ईयर रिंग शामिल हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 8 लाख रुपये आंकी गई है।

साथ ही आरोपित के पास से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।

जांच में यह भी सामने आया है कि निसार अली का आपराधिक इतिहास रहा है और वह पहले भी कोरापुट जेल जा चुका है। फिलहाल पुलिस उसके फरार साथी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

--------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल कुमार