home page

चोरी का खुलासा, पांच गिरफ्तार

 | 
चोरी का खुलासा, पांच गिरफ्तार


रांची, 07 सितंबर (हि.स.)। पुलिस ने कांके थाना क्षेत्र में चोरी के एक बड़े मामले का त्वरित कार्रवाई करते हुए सफल उद्भेदन किया है। पुलिस ने मामले में पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के पास से सोने-चांदी की ज्वेलरी, मोबाइल फोन और नकदी बरामद किए गए हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 06 सितंबर को कांके थाना पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम बोडेया में चोरी का प्रयास करते ग्रामीणों ने दो चोरों को पकड़ा है। सूचना मिलते ही कांके थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपितों को लेकर थाना ले आई। पूछताछ में आरोपितों ने अपना नाम विवेक तिर्की और संजू टोप्पो बताया। दोनों अरसंडे, कांके क्षेत्र के रहने वाले हैं।

पूछताछ में दोनों आरोपितों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की। उन्होंने पूर्व में की गई चोरी की घटनाओं का खुलासा किया। आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने अनुसंधान के क्रम में उनके तीन अन्य साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों में गोरिस तिर्की, साहिब अंसारी उर्फ बानू और नासिर अंसारी उर्फ पप्पू शामिल हैं।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों के पास से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण, कई मोबाइल फोन और नकद राशि बरामद की है। पुलिस अब आरोपितों से पूछताछ कर चोरी की अन्य घटनाओं में उनकी संलिप्तता और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

इस कार्रवाई में कांके थाना प्रभारी कुणाल कुमार के नेतृत्व में उप-निरीक्षक राजकुमार तिग्गा, सतीश कुमार, अरविंद कुमार, प्रवीण रजक, गंगाधर सिंह, एएसआई मंगल हेम्ब्रम और थाना रिजर्व गार्ड शामिल थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे