home page

लाखों की चोरी का खुलासा, सात आरोपित पकड़े गए

 | 
लाखों की चोरी का खुलासा, सात आरोपित पकड़े गए


रांची, 15 मई (हि.स.)। रांची के डोरंडा थाना क्षेत्र में बंद घर में हुई लाखों रुपये की चोरी मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में छह अपराधियों गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को निरुद्ध किया है। छापेमारी के दौरान गिरफ्तार आरोपितों के नाम पुलिस ने छह आरोपितों मोहम्मद नकीब उर्फ सोनार, मोहम्मद सारफ उर्फ शाहरुख, मोहम्मद सिमबाज, मोहम्मद जेद, मोहम्मद सेफ उर्फ सेम, मोहम्मद कैफ उर्फ झुसु है।

गिरफ्तार आरोपितों के पास से चोरी के सोने-चांदी के जेवर, मोबाइल फोन और अन्य सामान बरामद किए गए हैं।

सिटी एसपी पारस राणा ने शुक्रवार को बताया कि 8 मई 2026 को डोरंडा थाना क्षेत्र स्थित वाजपेयी पथ के एक बंद घर में अज्ञात अपराधियों ने करीब पांच लाख रुपये के जेवर और पचास हजार रुपये नकद की चोरी की थी। इस संबंध में डोरंडा थाना (कांड संख्या-121/26) के तहत मामला दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपाधीक्षक हटिया के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित चोरी के जेवरों को गलाकर बेचने का काम भी करते थे। जांच के दौरान आरोपितों के मोबाइल फोन से जेवर खरीद-बिक्री से संबंधित चैट भी बरामद हुई है।

गिरफ्तार आरोपितों में अधिकांश लोग रांची के हिंदपीढ़ी, लोहरदगा और आसपास के क्षेत्रों के रहने वाले हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से भारी मात्रा में चोरी का सामान जब्त किया है।

बरामद सामानों में सोने की अंगूठी, कान के टॉप्स, नोजपिन, मंगलसूत्र का लॉकेट, सोने का लटकन, रिंग सहित कई आभूषण शामिल हैं। वहीं, चांदी के बेरा, बिछिया, पायल, कमरबंद और अन्य जेवर भी बरामद किए गए हैं। इसके अलावा आईफोन 15, मोटोरोला, सैमसंग, रेडमी और पोको कंपनी के मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, कुल 21.6 ग्राम सोना बरामद हुआ है जिसकी अनुमानित कीमत करीब 3.20 लाख रुपये है। वहीं, लगभग डेढ़ लाख रुपये मूल्य के सोने के जेवर गलाकर बेचे जा चुके हैं। इसके अलावा 219.48 ग्राम चांदी बरामद की गई है जिसकी अनुमानित कीमत करीब 63 हजार रुपये बताई गई है, जबकि करीब 1.5 लाख रुपये की चांदी गलाकर बेच दी गई थी।

इस कार्रवाई में पुलिस उपाधीक्षक हटिया प्रमोद कुमार मिश्रा, डोरंडा थाना प्रभारी दीपिका प्रसाद सहित कई पुलिस अधिकारी और जवान शामिल थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे