home page

रांची में एटीएस जवान के बंद घर में चोरी, जांच में जुटी पुलिस

 | 
रांची में एटीएस जवान के बंद घर में चोरी, जांच में जुटी पुलिस


रांची, 25 जुलाई (हि.स.)। राजधानी रांची के सुखदेव नगर थाना क्षेत्र में झारखंड आतंकवाद निरोधी दस्ता (एटीएस) के एक जवान के बंद घर का ताला तोड़कर चोरों ने करीब 10 लाख रुपये से अधिक के जेवरात, नकदी और अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।

झारखंड एटीएस में पदस्थापित जवान कमलेश शुक्रवार शाम अपने परिवार के साथ अयोध्या दर्शन के लिए गए थे। इसी दौरान सुखदेव नगर स्थित उनके बंद आवास को चोरों ने निशाना बनाया। घर बंद होने का फायदा उठाते हुए चोर मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर घुसे और अलमारी का लॉक तोड़कर उसमें रखे जेवरात, नकदी तथा अन्य कीमती सामान चोरी कर फरार हो गए।

कमलेश के बड़े भाई सोमनाथ राय ने बताया कि परिवार के बाहर रहने के दौरान चोरी की वारदात हुई। उन्होंने कहा कि चोरी हुए सामान की वास्तविक कीमत का आकलन परिवार के अयोध्या से लौटने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल प्रारंभिक अनुमान के अनुसार 10 लाख रुपये से अधिक के जेवरात और नकदी चोरी होने की आशंका है।

घटना की सूचना मिलते ही सुखदेव नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपितों की पहचान की जा सके।

सुखदेव नगर थाना प्रभारी सुनील कुशवाहा ने बताया कि चोरी के मामले की जांच की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर साक्ष्य जुटा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।------------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे