home page

चोरी का आरोपित गिरफ्तार, लाखों का सामान बरामद

 | 
चोरी का आरोपित गिरफ्तार, लाखों का सामान बरामद


रांची, 11 अक्टूबर (हि.स.)। सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के पहाड़ी मंदिर स्थित बानो मंजिल रोड में बंद घर का ताला तोड़कर चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार किया है।

आरोपित की पहचान आरीफ अंसारी उर्फ सूरज (23), पिता इस्लाम अंसारी, निवासी पहाड़ी मंदिर, सुखदेवनगर थाना क्षेत्र, रांची के रूप में हुई है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपित की निशानदेही पर चोरी के सामान भी बरामद कर लिए हैं। आरोपित को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पहाड़ी मंदिर बानो मंजिल रोड निवासी शकिला खातून (52) अपने घर में ताला लगाकर करीब एक महीने पहले अपने पैतृक गांव महुआ, बिहार गई थीं। नौ अक्टूबर को जब वह वापस लौटीं तो घर का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर रखे कीमती सामान भी गायब थे। इसके बाद उन्होंने सुखदेवनगर थाना पहुंचकर चोरी की शिकायत दर्ज कराई। चोरी गए सामानों की कीमत करीब पांच लाख रुपये आंकी गई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए सुखदेवनगर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की। अनुसंधान के दौरान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरीफ अंसारी उर्फ सूरज को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित की निशानदेही पर चोरी किए गए सामान बरामद कर लिए गए हैं।

पुलिस ने चोरी के मामले में दो इंडेन गैस सिलेंडर, एक अमरॉन बैटरी, एक माइक्रोटेक इन्वर्टर, दो कैसियो घड़ियां, सोने के तीन गले के हार, चार कान के टॉप, दो चूड़ियां, एक ब्रेसलेट, एक अंगूठी, एक परफ्यूम और एक एचपी लैपटॉप बरामद किया है। इसके अलावा एक बोरा कपड़ा, गमला, डग, छोटी-बड़ी तीन डेगची सहित अन्य सामान बरामद किए गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे