home page

संघ ने जेटेट परीक्षा जल्द लेने के लिए मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

 | 
संघ ने जेटेट परीक्षा जल्द लेने के लिए मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन


रांची, 16 मार्च (हि.स.)। झारखंड प्रशिक्षित शिक्षक संघ के प्रतिनिधिमंडल द्वारा 9 वर्षों से लंबित झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट) के शीघ्र आयोजन की मांग को लेकर सोमवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नाम प्रतिनियुक्त मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा गया।

ज्ञापन के माध्यम से संघ ने बताया कि राज्य के लाखों प्रशिक्षित शिक्षक अभ्यर्थी पिछले लगभग 09 वर्षों से जेटेट परीक्षा के आयोजन की प्रतीक्षा कर रहे हैं। लंबे समय से परीक्षा आयोजित नहीं होने के कारण अभ्यर्थियों का भविष्य अनिश्चित होता जा रहा है और राज्य में शिक्षकों की कमी भी लगातार बनी हुई है, जिससे शिक्षा व्यवस्था प्रभावित हो रही है।

संघ की प्रमुख मांगें :

- जेटेट की संशोधित नियमावली को अविलंब कैबिनेट से पारित करने।

- जेटेट परीक्षा की तिथि और परीक्षा परिणाम की समय-सीमा जल्दी घोषित करने।

- एनसीटीई के दिशा-निर्देशों के अनुसार प्रत्येक वर्ष नियमित रूप से जेटेट परीक्षा आयोजित करने का स्थायी प्रावधान करने।

- बीएड और डीई लेड के एपियरिंग अभ्यर्थियों को भी परीक्षा में शामिल होने का अवसर देना।

- गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए जेटेट परीक्षा आयोजित कर शिक्षक नियुक्ति प्रक्रिया जल्द् शुरू करना शामिल है।

मौके पर संघ के प्रदेश अध्यक्ष चंदन कुमार, रवींद्र पासवान, मनीष चंद्रा, हरिकेश महतो, राकेश रजक, संजय रजक, संतोष कुमार, दुर्गेश चंद्रवंशी, हेमंत पाठक सहित अन्य ने कहा कि यदि जल्द ही परीक्षा आयोजन को लेकर ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो अभ्यर्थी लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन को और तेज करने के लिए बाध्य होंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak