भाजपा झारखंड़ प्रदेश के अल्पसंख्यक मोर्चा के नवनियुक्त अध्यक्ष ने संभाला कार्यभार
रांची, 17 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी झारखंड़ प्रदेश के अल्पसंख्यक मोर्चा के नवनियुक्त अध्यक्ष ताजदार आलम ने गुरुवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित पदग्रहण सह अभिनंदन समारोह में विधिवत् रूप से कार्यभार संभाल लिया।
इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय ने ताजदार आलम को बधाई देते हुए कहा कि मुझे विश्वास है कि आप पार्टी की उम्मीदों पर पूरी तरह खरा उतरेंगे। विपक्षियों के जरिये भाजपा के खिलाफ अल्पसंख्यक वर्ग के सदस्यों के बीच जो जहर बोया गया है उसे निकालने का आह्वान उन्होंने अल्पसंख्यक मोर्चा के कार्यकर्ताओं से किया।
उन्होंने कहा कि विपक्षी दल आपके बीच भाजपा का भय दिखाकर वोट लेने का काम करते रहे हैं। इन दलों को विकास से कुछ लेना देना नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 25 वर्षों के अपने सार्वजनिक जीवन में कभी अल्पसंख्यक समुदाय के साथ भेदभाव नहीं किया है। उनकी योजनाओं का लाभ हर वर्ग के लोग उठा रहे हैं।
संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि हमारा संगठन सशक्त बने। सभी कार्यकर्ताओं को ताजदार आलम का साथ देकर लोगों को जोड़ने और संगठन को मजबूत करने का काम करना है। उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सभी समाज को साथ लेकर चले हैं सबके लिए काम किये हैं। किसी के साथ कभी कोई भेदभाव नहीं किया।
प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा ने कहा कि आज समाज टूट रहा है, देश कमजोर हो रहा है, इसके कई कारण हो सकते हैं। इसे बचाने के लिए पहले भाजपा संगठन से जुड़ें, भाजपा को समझें,इसकी नीतियों का बारीकी से अध्ययन करें कि कैसे भाजपा समाज को आगे ले जाने के लिए नीतियां बनाती है। उन्होंने कहा कि विरोधी दल केवल अल्पसंख्यक समाज की भावना को भड़काने का काम करते हैं।
वहीं नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष ताजदार आलम ने केंद्रीय नेतृत्व और प्रदेश नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मेरे जैसे एक छोटे से कार्यकर्ता को आज भाजपा ने इतनी बड़ी जिम्मेदारी दी है। उन्होंने विश्वास दिलाते हुए कहा कि जो भरोसा मेरे ऊपर किया गया है, वे उस भरोसा को कम नहीं होने देंगे।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की सभी योजनाओं का लाभ अल्पसंख्यक समाज के लोगों ने भी फायदा उठाया है। वह इन सभी बातों को लेकर मुस्लिम के बीच जाएंगे और मुस्लिम समुदाय और भाजपा के बीच व्याप्त दूरी को कम करने की दिशा में काम करेंगे। इसके लिए सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से मुस्लिम समुदाय को मिले लाभ की ‘हकीकत’ लोगों तक मोर्चा के माध्यम से पहुंचाई जाएगी।
उन्होंने आगामी 2029 के लोकसभा एवम विधानसभा चुनाव को लेकर मोर्चा की रणनीति के संकेत दिए। उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव में अल्पसंख्यक मोर्चा का खास फोकस प्रदेश की अल्पसंख्यक बहुल क्षेत्रों में होगा। समाज के लोगों को झामुमो और कांग्रेस के द्वारा मुस्लिम समुदाय के साथ किए छल को बताने का काम किया जाएगा।
इस दौरान रिसालदार बाबा के मजार पर मोदी के नाम पर चादर चढ़ाई गई और लंबी उम्र की दुआ मांगी गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

