home page

झारखंड कांग्रेस के 14 उपाध्यक्ष, 25 महासचिव और 81 सचिवों की जल्द होगी घोषणा : के राजू

 | 
झारखंड कांग्रेस के 14 उपाध्यक्ष, 25 महासचिव और 81 सचिवों की जल्द होगी घोषणा : के राजू


रांची, 31 मार्च (हि.स.)। झारखंड में कांग्रेस को संगठनात्मक रुप से मजबूत करने के लिए जल्द ही जिला से लेकर प्रदेश स्तर की टीम की घोषणा की जाएगी। नयी टीम में पार्टी पदाधिकारियों को संगठनात्मक जिम्मेदारी दी जाएगी।

प्रदेश कांग्रेस के संगठनात्मक ढांचे को नये रुप में तैयार करने में लगे प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के राजू के अनुसार जल्द ही जिलों की टीम करेंगे। यह बातें पार्टी के प्रदेश प्रभारी के राजू ने मंगलवार को पार्टी की ओर से रांची के एयरपोर्ट स्थित ग्रीन एकर होटल में आयोजित प्रेस वार्ता में दी।

कांग्रेस प्रभारी ने बताया कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) से सहमति लेने के बाद प्रदेश पदाधिकारियों की घोषणा कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि नामों की घोषणा के साथ अधिसूचना में पदाधिकारियों को जिम्मेदारी भी बताई जाएगी कि संबंधित पदाधिकारी का क्षेत्र कौन सा है और उनका काम क्या है। अगले एक सप्ताह में जिला कमेटी की घोषणा होगी। इसके बाद दूसरे सप्ताह में प्रदेश कमेटी की घोषणा कर दी जाएगी।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के नेतृत्व में करीब एक साल बाद तैयार हो रहे प्रदेश कांग्रेस की नयी टीम में 14 उपाध्यक्ष, 25 महासचिव और 81 सचिव होंगे।

प्रदेश उपाध्यक्ष के जिम्मे एक-एक संसदीय क्षेत्र

उन्होंने कहा कि प्रदेश उपाध्यक्ष के जिम्मे एक-एक संसदीय क्षेत्र होगा। इसी तरह महासचिव के जिम्मे जिला होगा और सभी सचिवों को विधानसभा का प्रभारी बनाया जाएगा। के राजू ने बताया कि इस तरह से तैयार हो रही कमेटी में प्रदेश और जिला के बीच समन्वय बनाकर प्रखंड और पंचायत तक संगठन को मजबूत बनाया जाएगा। प्रदेश उपाध्यक्ष और जिला के उपाध्यक्षों के साथ संसदीय क्षेत्र के लिए एवं प्रदेश महासचिव अपने प्रभार वाले जिले के महासचिव से तथा प्रदेश सचिव अपने प्रभार वाले विधानसभा के लिए जिला सचिव के साथ समन्वय बनाकर काम करेंगे।

उन्होंने कहा कि पार्टी का यह ऑर्गेनिक लिंक तैयार होगा, जिससे संगठन न केवल मजबूत होगा, बल्कि धारदार भी होगा। नियुक्त होने वाले प्रदेश पदाधिकारी से लेकर जिला स्तर के पदाधिकारी का अगले तीन महीने के अंदर प्रत्येक जिला में तीन दिनों का कार्यशाला आयोजित किया जाएगा, जिसमें उन्हें न केवल प्रशिक्षित किया जाएगा बल्कि उनकी जिम्मेदारियां को भी बताया जाएगा।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक महीने जिला स्तर पर स्थानीय जनता की समस्या पर चर्चा होगी और उसका निदान करने का काम किया जाएगा। इसके अलावा जिला स्तर पर भी लोगों की समस्या सुनने के लिए जनता दरबार का आयोजन होगा। प्रभारी ने कहा कि गठबंधन की सरकार राज्य में चल रही है और मुख्यमंत्री से कोऑर्डिनेशन कमेटी गठित करने के लिए आग्रह किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak