home page

कुएं में गिरे बिहार के श्रद्धालु को एनडीआरएफ ने निकाला सुरक्षित

 | 
कुएं में गिरे बिहार के श्रद्धालु को एनडीआरएफ ने निकाला सुरक्षित


देवघर, 18 अगस्त (हि.स.)। श्रावणी मेला के दौरान मंगलवार को शिवगंगा तालाब के समीप भट्टर धर्मशाला स्थित कुएं में गिरने से एक कांवरिया श्रद्धालु की जान पर बन आई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची एनडीआरएफ की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए करीब पांच मिनट के भीतर उसे सुरक्षित कुएं से बाहर निकाल लिया।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर में स्थानीय लोगों ने एक श्रद्धालु को कुएं में गिरते देखा। इसकी सूचना तत्काल मेला कंट्रोल रूम को दी गई। माैके पर शिवगंगा तालाब पर तैनात एनडीआरएफ टीम को घटना की जानकारी मिली। इंस्पेक्टर अशोक कुमार के नेतृत्व में एक सब-ऑफिसर व छह जवानों की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची।

एनडीआरएफ के एक जवान ने रस्सी और कैराबिनर के सहारे कुएं में उतरकर श्रद्धालु को सुरक्षित बांधा। इसके बाद बचाव उपकरणों की मदद से उन्हें बाहर निकाल लिया गया।

कुएं से निकाले गए श्रद्धालु की पहचान योगेंद्र चौधरी (28), निवासी बोधगया, गया (बिहार) के रूप में हुई है। बाहर निकालने के बाद एनडीआरएफ की टीम ने उन्हें प्राथमिक उपचार कराया। उनकी स्थिति स्थिर बताई गई है। बाद में उन्हें पुलिस ओपी संख्या-06 को सौंप दिया गया, जहां से आगे के इलाज के लिए मेडिकल कैंप भेजा गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy