home page

प्रेमिका की शादी होने पर प्रेमी ने खुद को मारी गोली

 | 
प्रेमिका की शादी होने पर प्रेमी ने खुद को मारी गोली


सीसीटीवी फुटेज से हुआ खुलासा, पिस्टल ढूंढ रही पुलिस

रामगढ़, 12 मई (हि.स.)।

प्रेमिका की शादी कहीं और होने पर उसके आशिक ने सके दरवाजे पर ही खुद को गोली मार ली। हालांकि इस वारदात में घायल युवक की जान बच गई। रामगढ़ शहर में हुई यह घटना अब हर व्यक्ति की जुबान पर मौजूद है। शहर के बंगाली टोला निवासी गर्जन यादव का पुत्र अंकित यादव परसोतिया मोहल्ले की रहने वाली एक लड़की से प्रेम करता था। प्रेमिका की शादी उसके परिवार वालों ने कहीं और करा दी। अंकित को यह शादी इतनी नागवार गुजरी कि उसके सिर पर भूत सवार हो गया।

सोमवार की शाम वह अपने एक दोस्त के साथ अपनी प्रेमिका के घर पहुंचा और उसके परिजनों के साथ बहस की। जब परिजनों ने दरवाजा बंद कर लिया, तो अंकित ने अपने कमर से पिस्तौल निकाल और अपनी छाती पर सटाकर चला दिया। उसने अपने दोस्त उतेश के सामने ही खुदकुशी करने का प्रयास किया। घायल अंकित को उसके दोस्तों ने अस्पताल में भर्ती कराया। जहां ऑपरेशन के बाद अब वह खतरे से बाहर है।

रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे ने बताया कि अंकित के जरिए खुद को गोली मारे जाने की घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। उस फुटेज में यह स्पष्ट है कि वह अपने दोस्त उतेश गोस्वामी के साथ वहां मौजूद है। उसने अपनी कमर से पिस्तौल निकाल कर खुद को गोली मारी। उस वीडियो फुटेज में यह भी दिख रहा है कि उस पिस्टल को उतेश लेकर ही भाग रहा है। पुलिस अब पिस्टल को ढूंढ रही है। उतेश गोस्वामी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। अंकित और उसके दोस्तों की लिस्ट में जितने लोग शामिल हैं, पुलिस उनके यहां पूछताछ कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश