home page

सिंचाई कंपनी के चालक और मुंशी को ग्रामीणों ने पीटा, पुलिस ने बचाई जान

 | 
सिंचाई कंपनी के चालक और मुंशी को ग्रामीणों ने पीटा, पुलिस ने बचाई जान


पलामू, 08 मई (हि.स.)। जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के कल्याणपुर में सिंचाई योजना के लिए कार्य कर रही कंपनी के मुंशी और चालक की ग्रामीणों ने जमकर पिटाई कर दी। जेसीबी सहित अन्य वाहनों और निर्माण स्थल पर तोड़फोड़ की। पुलिस के हस्तक्षेप से सभी की जान बची। मुंशी और चालक का इलाज कराया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। इस संबंध में अब तक आवेदन नहीं मिला है। घटना शुक्रवार दोपहर में हुई।

प्रारंभिक सूचना में आरोप है कि कंपनी के कर्मियों ने स्थानीय महिला से छेड़छाड़ की, जिससे ग्रामीण उग्र हुए। जबकि कंपनी का कहना है कि ग्रामीण योजना का विरोध कर रहे हैं और लगातार निर्माण में बाधा उत्पन्न कर रहे हैं। वे नहीं चाहते कि निर्माण कार्य पूरा हो, इसी कारण मामले को दूसरा रूप दिया जा रहा है।

,उल्लेखनीय है कि सिंचाई के लिए कोयल नदी से पाइपलाइन के माध्यम से जलाशयों को पानी देने की योजना है। इसके लिए कल्याणपुर में जेडब्ल्यूआईएल कंपनी कार्य कर रही है।

कंपनी का कहना है कि सिंचाई योजना से संबंधित निर्माण कार्य के लिए सरकार ने भूमि आवंटित की है, लेकिन कुछ ग्रामीण लगातार कार्य में बाधा उत्पन्न कर रहे हैं और यह कह रहे हैं कि उन्हें यहां योजना नहीं चाहिए। कंपनी ने निर्माण कार्य ठेकेदार के माध्यम से करा रही है। शुक्रवार को अचानक कुछ ग्रामीण कंपनी पर गलत आरोप लगाए और मजदूरों के साथ मारपीट की। जेसीबी का शीशा तोड़ दिया और कंपनी के कंटेनर में भी तोड़फोड़ की। चैनपुर पुलिस की सहायता से मजदूरों की जान बचाई जा सकी। कंपनी का कहना है कि यह सरकारी कार्य है। इसलिए प्रशासन उचित सुरक्षा व्यवस्था दे, ताकि सिंचाई योजना का कार्य समय पर पूर्ण किया जा सके।

इस मामले में चैनपुर के थाना प्रभारी श्रीराम शर्मा ने बताया कि अभी तक किसी पक्ष से कोई आवेदन नहीं मिला है। मारपीट की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे और हस्तक्षेप कर कर्मियों को बचाया। जख्मी मुंशी और चालक का इलाज कराया। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों के अनुसार छेड़छाड़ से संबंधित मामला है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप कुमार