लापरवाही पर उपायुक्त ने दिया रातू के सीओ को चार शोकॉज नोटिस जारी करने का निर्देश
रांची, 13 जुलाई (हि.स.)। जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त, रांची मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में सोमवार को साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया।
जनता दरबार में पहुंचे सैकड़ों फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उपायुक्त ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया।
जनता दरबार में दोनों पैरों से दिव्यांग दीपक कुमार महतो अपने हाथों के सहारे समाहरणालय पहुंचे। उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने उन्हें इलेक्ट्रिक ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराई। दीपक कुमार महतो समाहरणालय से स्वयं इलेक्ट्रिक ट्राईसाइकिल चलाकर वापस लौटे। इस अवसर पर दीपक एवं उनकी पत्नी ने इस सहायता के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रति आभार व्यक्त किया।
जनता दरबार में बूटी मोड़ निवासी एक व्यक्ति अपनी गर्भवती पत्नी के गंभीर हृदय रोग (दिल में छेद) के कारण सुरक्षित प्रसव के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लेकर पहुंचा। उसने बताया कि अस्पताल ने इलाज और सुरक्षित प्रसव के लिए लगभग चार लाख रुपये का खर्च होने की बात कही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए उपायुक्त ने तत्काल सिविल सर्जन से फोन पर बात कर महिला के समुचित इलाज और सुरक्षित प्रसव सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
वहीं राजस्व से जुडे मामले में लापरवाही पर उपायुक्त ने कड़ा रुख अपनाते हुए रातू अंचल से संबंधित चार मामलों में अंचल अधिकारी (सीओ) रवि कुमार को शोकॉज जारी करने और एक मामले में प्रपत्र-क गठित करने के निर्देश दिया। शिकायतों में परिशोधन ऐप पर स्वीकृति मिलने के बावजूद पंजी-2 में सुधार नहीं करने, ऑनलाइन लगान रसीद जारी नहीं करने एवं लगभग दो वर्षों से ऑनलाइन रसीद जारी नहीं किए जाने जैसे मामले शामिल थे।
इसी प्रकार बिना उचित कारण म्यूटेशन आवेदन अस्वीकृत किए जाने के मामले में उपायुक्त ने अनगड़ा अंचल अधिकारी के विरुद्ध भी शोकॉज जारी करने और प्रपत्र-क गठित करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने अनगड़ा अंचल के महेशपुर मौजा में भूमाफियाओं की ओर से फर्जी दस्तावेज तैयार कर छोटानागपुर काश्तकारी (सीएनटी) अधिनियम का उल्लंघन करते हुए भूमि निबंधन कर जमीन हड़पने के प्रयास की शिकायत को गंभीरता से लिया। उन्होंने डीसीएलआर और अनगड़ा के सीओ को विस्तृत जांच कर नियमानुसार कठोर कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
जनता दरबार में मोरहाबादी क्षेत्र की सरकारी गैरमजरुआ भूमि पर अतिक्रमण, निजी पार्किंग और व्यावसायिक उपयोग की जांच संबंधी आवेदन भी प्राप्त हुआ। इस पर उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने अनुमंडल पदाधिकारी (सदर) और नगर निगम के संबंधित अधिकारियों को संयुक्त जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
इधर, एक अन्य) मामले में सिल्ली प्रखंड की अमृता साहू और रिंकी कुमारी ने आंगनबाड़ी सेविका चयन प्रक्रिया में अनियमितता की शिकायत करते हुए योग्य अभ्यर्थियों की उपेक्षा का आरोप लगाया।
मामले में उपायुक्त ने जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिया।
जनता दरबार में उपायुक्त ने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का समय पर और गुणवत्तापूर्ण समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त शिकायतों का जल्द निष्पादन सुनिश्चित करते हुए पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराया जाए और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

