home page

हत्या करने पहुंचे थे अपराधी, नहीं मिला व्यक्ति तो खुद को मारी गोली

 | 
हत्या करने पहुंचे थे अपराधी, नहीं मिला व्यक्ति तो खुद को मारी गोली


रामगढ़, 13 मई (हि.स.)। शहर के बंगाली टोला निवासी अंकित यादव और उतेश गोस्वामी एक बड़ी साजिश के तहत पारसोतिया मुहल्ला स्थित उतेश गोस्वामी के घर और उनके बेटे विकास काे गाेली मारने पहुंचे। लेकिन विकास नहीं मिला तो अपराधी ने खुद को गोली मार ली। इस बात का खुलासा रामगढ़ थाना प्रभारी के बयान पर दर्ज प्राथमिकी में हुआ।

थाना प्रभारी ने बताया कि अंकित ने जब खुद पर गोली मारी तो उतेश उसकी पिस्तौल लेकर भाग गया। बाद में अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा और घायल अंकित को लेकर फरार हो गया। थाना प्रभारी के बयान पर दर्ज प्राथमिकी से स्पष्ट है कि अंकित और उतेश जब पारसोतिया मुहल्ला निवासी मधुसूदन प्रसाद राय के घर के पश्चिमी दरवाजे के पास पहुंचे, तो उन लोगों ने उनके साथ नोक झोंक किया। जब उन्होंने अपने घर का दरवाजा बंद किया तो अंकित यादव ने अपने कमर से पिस्तौल निकाली और खुद को गोली मार ली। इसके बाद उतेश गोस्वामी ने उस पिस्टल को ठिकाने लगा दिया।

बाद में उतेश अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा और अंकित को कार पर बिठाकर कहीं ले गया। पूछताछ के दौरान मधुसूदन प्रसाद राय और उनकी पत्नी शीला देवी ने कहा कि अंकित यादव और उतेश गोस्वामी उनके बेटे विकास को खोज रहे थे। वे लोग 09 लाख की रंगदारी मांग रहे थे। जब उन लोगों ने दरवाजा बंद कर लिया तो कुछ देर बाद गोली चलने की आवाज सुनाई पड़ी।

पुलिस को घटनास्थल पर ब्लड स्टेन, खून लगी मिट्टी, 7.65 एमएम का खोखा मिला। पुलिस जब घायल अंकित यादव का बयान लेने अस्पताल पहुंची तो उसके दाहिने हाथ से बारुद की गंध आ रही थी। सीसीटीवी कैमरे में भी अंकित यादव खुद को गोली चलाते हुए दिखाई दिया है। इसके बाद उतेश गोस्वामी के छुपाए गया गया हथियार कोयरी टोला स्थित बैजनाथ महतो के पुराने बाथरूम के बगल में झाड़ी में छिपाया हुआ मिला। जब पुलिस ने उस हथियार को बरामद किया तो उसके चेंबर में एक जिंदा लोडेड गोली भी मिला है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश