home page

आपातकाल थोपने वाली कांग्रेस आज संविधान बचाने का कर रही ढोंग : दीपक प्रकाश

 | 
आपातकाल थोपने वाली कांग्रेस आज संविधान बचाने का कर रही ढोंग : दीपक प्रकाश


रामगढ़, 04 नवंबर (हि.स.)। देश में आपातकाल लागू कर लोकतंत्र और नागरिकों के मौलिक अधिकारों का हनन करने वाली कांग्रेस आज संविधान बचाने का ढोंग कर रही है। वर्ष 1975 में प्रेस की स्वतंत्रता पर प्रतिबंध लगाने और विपक्षी नेताओं को जेल में डालने वाली पार्टी आज लोकतंत्र की सबसे बड़ी पैरोकार बनने का दावा कर रही है। यह बातें भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश ने बुधवार को रामगढ़ में ला मैरिटल होटल में लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान के तहत आयोजित प्रेसवार्ता में कही। दीपक प्रकाश ने कांग्रेस और विपक्षी दलों पर तीखा राजनीतिक हमला बोलते हुए कहा कि लगातार चुनावी पराजय से हताश विपक्ष अब जनता के जनादेश को स्वीकार करने के बजाय संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर सवाल उठा रहा है।

दीपक प्रकाश ने चुनाव आयोग पर कांग्रेस की ओर से लगाए जा रहे वोट चोरी और पक्षपात के आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि चुनाव आयोग पक्षपाती है और चुनाव प्रक्रिया में गड़बड़ी हो रही है, तो इसी व्यवस्था के तहत कांग्रेस के 99 सांसद कैसे निर्वाचित हुए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपनी राजनीतिक सुविधा के अनुसार संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाती है, जबकि उन्हीं संस्थाओं से मिले जनादेश को स्वीकार भी करती है। लोकतंत्र में जनता के फैसले का सम्मान होना चाहिए।

कांग्रेस के संविधान बचाओ अभियान पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि वर्ष 1975 में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के नेतृत्व में देश पर आपातकाल थोपा गया था। उस दौरान नागरिकों के मौलिक अधिकारों का हनन किया गया, प्रेस की स्वतंत्रता पर सेंसरशिप लगाई गई और विपक्षी नेताओं को जेलों में बंद कर दिया गया। उन्होंने कहा कि जिस पार्टी के शासनकाल में लोकतंत्र पर गंभीर प्रहार हुए, वहीं आज संविधान की सबसे बड़ी हितैषी बनने का दावा कर रही है। कांग्रेस का यह दोहरा चरित्र जनता के सामने आना चाहिए।

भाजपा नेता ने देश की आंतरिक सुरक्षा और घुसपैठ के मुद्दे को गंभीर बताते हुए कहा कि घुसपैठ के खिलाफ सख्त कार्रवाई जरूरी है। लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाता सूची का निष्पक्ष, पारदर्शी और त्रुटिरहित होना आवश्यक है। मतदाता सूची की शुद्धता और विश्वसनीयता लोकतांत्रिक व्यवस्था की बुनियादी शर्त है।

दीपक प्रकाश ने कहा कि विपक्ष देश में संस्थाओं के पतन और राष्ट्रीय गिरावट की तस्वीर पेश करने का प्रयास कर रहा है, जबकि भारत रक्षा, विज्ञान, अंतरिक्ष, तकनीक, डिजिटल अर्थव्यवस्था और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आत्मनिर्भरता और विकसित भारत के लक्ष्य की ओर अग्रसर है।

प्रेसवार्ता में जिला प्रभारी सुरेंद्र महतो, जिला महामंत्री राजू चतुर्वेदी, प्रदेश राजनीति प्रकोष्ठ के संयोजक जैनेंद्र कुमार, जिला मीडिया प्रभारी राजीव पामदत्त, भीमसेन चौहान, नगर अध्यक्ष सुशांत कुमार पांडेय, वरिष्ठ नेता सहदेव ठाकुर, ब्रजेश पाठक और कुणाल दास सहित अन्य भाजपा नेता उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश