home page

चेंबर ने पुलिस से की सड़कों के किनारे नशेड़ियों की गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग

 | 
चेंबर ने पुलिस से की सड़कों के किनारे नशेड़ियों की गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग


रांची, 09 मार्च (हि.स.)। फेडरेशन ऑफ झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की लॉ एंड ऑर्डर उप समिति के तत्वावधान में सोमवार को सदर थाना में पुलिस–व्यवसायी समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में थाना क्षेत्र के व्यवसायियों ने अपने क्षेत्र की समस्या और सुझावों से थाना प्रभारी को अवगत कराया। व्यवसायियों ने मुख्य रूप से बाजार क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, पुलिस गश्ती बढ़ाने और असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई करने की मांग की। सदर थाना प्रभारी कुलदीप कुमार ने समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जरूरी कार्रवाई का भरोसा दिलाया और व्यवसायियों से भी कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने का आग्रह किया।

चर्चा के क्रम में थाना क्षेत्र के व्यापारियों और थाना के पदाधिकारियों का एक व्हाट्सएप ग्रुप का गठन करने का निर्णय लिया गया ताकि किसी भी समस्या या सूचना का त्वरित आदान-प्रदान हो सके।

कोकर इंडस्ट्रियल एरिया से जुड़ी समस्याओं को उठाया

बैठक में उपस्थित व्यवसायियों ने क्षेत्र के चौक–चौराहों, सड़कों के किनारे और दुकानों के बाहर नशेड़ियों की बढ़ती गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग की। वहीं कोकर इंडस्ट्रियल एरिया से जुड़ी समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया गया और कई क्षेत्रों में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने की जरूरत पर जोर दिया गया। इसके साथ ही अतिक्रमण से उत्पन्न हो रही समस्याओं पर भी चर्चा हुई। व्यवसायियों ने बताया कि कोकर डिस्टिलरी पुल पर अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है, इससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

बैठक के दौरान एक व्यवसायी से रंगदारी मांगने के मामले में थाना स्तर पर कार्रवाई में हो रही देरी पर भी सदस्यों ने आपत्ति जताई और त्वरित कार्रवाई की मांग की। इस दौरान थाना प्रभारी ने बताया कि वर्तमान में थाना स्तर पर दो पीसीआर पूरी तरह सक्रिय हैं। किसी भी आपात स्थिति में 112 नंबर पर डायल करने पर निकटतम पीसीआर तुरंत सहायता के लिए पहुंच जाएगी।

वहीं लॉ एंड ऑर्डर उप समिति के चेयरमैन मुकेश कुमार अग्रवाल ने कहा कि चेंबर की ओर से बैठक का उद्देश्य व्यापारियों और पुलिस प्रशासन के बीच बेहतर संवाद और समन्वय स्थापित करना है। ऐसी बैठकों से समस्याओं का समाधान तेजी से संभव हो पाता है और क्षेत्र में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने में भी मदद मिलती है। चेंबर भविष्य में भी विभिन्न थाना क्षेत्रों में ऐसी बैठकों का आयोजन करता रहेगा, ताकि व्यापारियों की सुरक्षा और व्यापारिक वातावरण को बेहतर बनाया जा सके।

बैठक में उपस्थित व्यवसायियों ने भी इस प्रकार की बैठकों को नियमित रूप से आयोजित करने पर बल दिया, ताकि आपसी समन्वय के माध्यम से क्षेत्र में बेहतर कानून व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।

इस अवसर पर पूर्व उप महापौर संजीव विजयवर्गीय, कार्यकारिणी सदस्य मनीष सर्राफ, अमित शर्मा, अनीश बुधिया, कोकर व्यापार संघ के प्रमोद सिंघानिया, जयदेव धुत ने भी अपने विचार साझा किया।

बैठक में रतन अग्रवाल, आशीष दास, विजय महतो, बिपिन वर्मा, आनंद जैन, आशीष सिंह, अरुण अग्रवाल, दीपक अग्रवाल, बरुन कुमार, संतोष उरांव, संजय खेतान सहित कोकर क्षेत्र के कई व्यापारी और उद्यमी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak